BREAKING NEWS
मीसा भारती की शाही शादी में उमड़ी थी 30 हजार मेहमानों की भीड़, आयकर विभाग ने 125 नेताओं को भेजा था नोटिस; चार साल तक चला था मामला
1999में मुख्यमंत्री आवास में हुई थी मीसा भारती और शैलेश कुमार की शादी,30हजार मेहमानों के पहुंचने की थी चर्चा;शादी के खर्च और उपहारों को लेकर भी हुआ था विवाद
पटना:बिहार में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी इन दिनों सुर्खियों में है। चार लाख मेहमानों के शामिल होने की चर्चाओं से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,मुख्यमंत्री और बॉलीवुड की हस्तियों को निमंत्रण भेजे जाने की खबरों तक,इस शादी को लेकर खूब चर्चा हो रही है। इसी बीच बिहार की राजनीति की करीब27साल पुरानी एक और चर्चित शादी की यादें ताजा हो गई हैं। यह शादी थी राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की बड़ी बेटी मीसा भारती की।
मुख्यमंत्री आवास में हुई थी शाही शादी
10 दिसंबर 1999 को पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास, 1 अणे मार्ग में मीसा भारती की शादी कंप्यूटर इंजीनियर शैलेश कुमार के साथ हुई थी। उस समय लालू प्रसाद यादव बिहार के मुख्यमंत्री थे। शादी की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि समारोह के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री आवास के आसपास स्थित तीन बंगलों को भी आयोजन स्थल से जोड़ दिया गया था। शादी समारोह के लिए कोलकाता से फूल मंगाए गए थे और भव्य पंडाल तैयार किया गया था। शुरुआत में करीब 10 हजार मेहमानों को निमंत्रण भेजे जाने की चर्चा थी, लेकिन समारोह में लगभग 30 हजार लोगों के पहुंचने की बात सामने आई थी।
राष्ट्रपति,प्रधानमंत्री से लेकर फिल्मी हस्तियों तक को न्योता
उस दौर में इस शादी को लेकर राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में भी खूब चर्चा हुई थी। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और फिल्मी दुनिया की कई नामचीन हस्तियों को निमंत्रण भेजे जाने की खबरें आई थीं। अभिनेता दिलीप कुमार, सायरा बानो, शबाना आजमी और फिल्म निर्देशक महेश भट्ट जैसे चर्चित नाम भी इस शादी को लेकर सुर्खियों में रहे।
शादी के खर्च और उपहारों पर खड़ा हुआ था विवाद
शादी की भव्यता के साथ ही समारोह में हुए खर्च और महंगे उपहारों को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया था। 15 दिसंबर 1999 को आयकर विभाग ने लालू परिवार से शादी में हुए खर्च और उसके स्रोत का ब्योरा मांगा था। इसके बाद उपहार देने वाले 125 नेताओं को भी नोटिस भेजे जाने की बात सामने आई थी। उनसे दिए गए उपहारों के संबंध में जानकारी मांगी गई थी। बताया जाता है कि लालू-राबड़ी परिवार की ओर से शादी में करीब आठ लाख रुपये खर्च होने का विवरण दिया गया था। यह मामला लगभग चार साल तक चला। वर्ष 2003 में आयकर विभाग ने परिवार की ओर से दिए गए खर्च के विवरण को स्वीकार कर लिया था।
अनंत सिंह की बेटी की शादी ने फिर ताजा की पुरानी यादें
करीब 27 साल बाद अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की भव्य तैयारियों के बीच मीसा भारती की शादी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। बिहार की राजनीति में दोनों शादियां अपने-अपने दौर में भव्य आयोजन और चर्चाओं को लेकर सुर्खियों में रही हैं। फिलहाल अनंत सिंह की बेटी की शादी को लेकर जारी चर्चाओं ने बिहार की राजनीतिक शादियों के पुराने किस्सों को एक बार फिर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना दिया है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।