BIHAR POLITICS
महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में मोदी सरकार का ऐतिहासिक कदम- मंगल पांडेय
लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने और महिला आरक्षण से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मिलेगी मजबूती, विपक्ष से रचनात्मक सहयोग की अपील
पटना: पूर्व स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पांडेय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट द्वारा लोकसभा सीटों में वृद्धि और महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक को मंजूरी देने की पहल भारतीय लोकतंत्र को अधिक समावेशी और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे लोकसभा में प्रतिनिधित्व का विस्तार होगा और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मंगल पांडेय ने विपक्ष, विशेषकर राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय रचनात्मक सहयोग की आवश्यकता है। विपक्षी दलों को महिला सशक्तिकरण की इस पहल में बाधा डालने या भ्रम फैलाने के बजाय देश की महिलाओं के साथ खड़ा होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिला सशक्तिकरण को केवल नारों तक सीमित नहीं रख रही है, बल्कि महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक भागीदारी देने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। महिला आरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता देश की करोड़ों महिलाओं के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
सरकारी योजनाओं से महिलाओं को मिल रही आत्मनिर्भरता की ताकत
पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने, जल जीवन मिशन के जरिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को आवास का स्वामित्व देने जैसे कदमों से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, मुद्रा योजना के माध्यम से महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और 'लखपति दीदी' अभियान जैसी पहल ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि अब संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में उठाए जा रहे कदम लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक और बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं।
मंगल पांडेय ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराना और राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना देश के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसे किसी भी राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर उठकर देखा जाना चाहिए।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।