Live

BREAKING NEWS

महाबोधि वृक्ष पूरी तरह स्वस्थ, FRI देहरादून के वैज्ञानिकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण

D
Deepak Kumarलेखक

पत्तियों में संक्रमण या बीमारी के नहीं मिले लक्षण,वैज्ञानिकों ने मृत टहनियों की छंटाई और जैविक कीटनाशक के छिड़काव की दी सलाह
बोधगया: विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर परिसर स्थित पवित्र बोधिवृक्ष की सेहत को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। वन अनुसंधान संस्थान (FRI), देहरादून के वैज्ञानिकों ने सोमवार को बोधगया पहुंचकर पवित्र बोधिवृक्ष का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान वैज्ञानिकों ने वृक्ष को पूरी तरह स्वस्थ पाया। इसकी पत्तियों में किसी प्रकार के संक्रमण या बीमारी के लक्षण नहीं मिले।

वैज्ञानिकों ने बारीकी से किया निरीक्षण
वन अनुसंधान संस्थान, देहरादून के वैज्ञानिक डॉ. संतन बर्थवाल और डॉ. शैलेश पांडेय ने पवित्र बोधिवृक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान डॉ. संतन बर्थवाल ने बताया कि बोधिवृक्ष की वर्तमान स्थिति काफी अच्छी है। इसकी पत्तियों पर किसी तरह का संक्रमण या रोग नहीं पाया गया है। वैज्ञानिकों ने वृक्ष की समग्र स्थिति को संतोषजनक बताया।

बेहतर रखरखाव के लिए दिए सुझाव
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान वैज्ञानिकों ने बोधिवृक्ष की नियमित देखभाल और भविष्य में संभावित बीमारियों से बचाव के लिए कुछ जरूरी सुझाव भी दिए। इनमें सूखी और मृत टहनियों की छंटाई तथा जैविक कीटनाशक का छिड़काव शामिल है। वैज्ञानिकों के अनुसार, नियमित वैज्ञानिक निगरानी और उचित रखरखाव से इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले वृक्ष को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है। फिलहाल बोधिवृक्ष की सेहत को लेकर किसी बड़ी चिंता की बात सामने नहीं आई है।

मंदिर के मुख्य पुजारी और केयरटेकर रहे मौजूद
बोधिवृक्ष के निरीक्षण और रखरखाव संबंधी प्रक्रिया के दौरान महाबोधि मंदिर के मुख्य पुजारी भिक्षु चालिंदा और केयरटेकर भिक्षु दीनानंद भी मौजूद रहे। इस दौरान वैज्ञानिकों ने वृक्ष की स्थिति का आकलन कर आवश्यक देखभाल के उपायों पर जानकारी साझा की।

BTMCऔर FRIमिलकर कर रहे संरक्षण
गौरतलब है कि बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (BTMC) और वन अनुसंधान संस्थान, देहरादून के संयुक्त प्रयास से पवित्र बोधिवृक्ष की नियमित वैज्ञानिक निगरानी, देखभाल और संरक्षण का काम किया जा रहा है। महाबोधि मंदिर परिसर में स्थित यह पवित्र वृक्ष बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए गहरी आस्था का केंद्र है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी बोधिवृक्ष के नीचे भगवान गौतम बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। यही वजह है कि दुनिया भर से बौद्ध श्रद्धालु और पर्यटक इसके दर्शन के लिए बोधगया पहुंचते हैं। ऐसे में वैज्ञानिकों की ओर से बोधिवृक्ष को स्वस्थ बताए जाने की खबर श्रद्धालुओं और बोधगया के लोगों के लिए राहत भरी है।

बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें