BREAKING NEWS
जीविका से महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण उद्यमिता को मिलेगी नई गति, डॉ. प्रेम कुमार ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश,जीविका से जुड़ी1.60करोड़ महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों के विस्तार पर जोर;जैविक खेती और ग्रामीण मार्ट को बढ़ावा देने की पहल
पटना: बिहार में महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित इस बैठक में जीविका के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, जैविक एवं प्राकृतिक खेती का विस्तार करने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर विकसित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जीविका के अधिकारियों ने अब तक की उपलब्धियों और संचालित योजनाओं की जानकारी दी। डॉ. प्रेम कुमार ने स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का विस्तार करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
1.60करोड़ महिलाएं जीविका से जुड़ीं, 78,800करोड़ का बैंक ऋण
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2006 से संचालित जीविका कार्यक्रम के माध्यम से अब तक लगभग 1 करोड़ 60 लाख महिलाएं जुड़ चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों को करीब 78,800 करोड़ रुपये का बैंक ऋण और सरकार की ओर से लगभग 15,000 करोड़ रुपये की अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई है। जीविका के माध्यम से कृषि और पशुपालन के अलावा कई सामूहिक उद्यम भी संचालित किए जा रहे हैं। इनमें दीदी की रसोई, सिलाई केंद्र, अस्पतालों एवं छात्रावासों में हाउसकीपिंग और लॉन्ड्री जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया में संचालित दीदी की रसोई की सराहना की। उन्होंने इसे महिलाओं की आजीविका और सरकारी संस्थानों में बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
75गांवों में जैविक खेती का प्रशिक्षण, 45हजार किसानों के साथ प्राकृतिक खेती पर काम
बैठक में जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर भी विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि सिक्किम की एक सरकारी संस्था के सहयोग से 75 गांवों के करीब 3,000 किसानों को जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया गया है। वहीं, लगभग 45,000 किसानों के साथ प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए काम किया जा रहा है। डॉ. प्रेम कुमार ने गया सहित अन्य क्षेत्रों में जैविक खेती का विस्तार करने, किसानों को प्रशिक्षण देने और उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सभी 38जिलों में खुलेंगे रूरल मार्ट और शी-मार्ट
ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए रूरल मार्ट और शी-मार्ट की स्थापना की योजना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के सभी 38 जिलों में सरकारी अनुदान और नाबार्ड के सहयोग से इन मार्ट की स्थापना का काम प्रगति पर है। इसके अलावा पटना के मीठापुर स्थित पांच मंजिला भवन में एक बड़े केंद्र की स्थापना की भी योजना है। विधानसभा अध्यक्ष ने बोधगया और गया नगर विधानसभा क्षेत्र की पहाड़पुर पंचायत में प्रस्तावित मार्ट की समीक्षा की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही बोधगया में 'जनता हाट' स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
महिला रोजगार योजना से 1.69करोड़ लाभार्थियों के खातों में पहुंची सहायता
बैठक में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों के अनुसार, इस योजना के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग 1 करोड़ 69 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में आर्थिक सहायता अंतरित की गई है। इस सहायता से प्रेरित होकर महिलाएं पशुपालन, सिलाई और छोटी दुकानों जैसे स्वरोजगार के कार्यों में अपनी पूंजी भी लगा रही हैं। बैठक में बिना गारंटर और प्रोसेसिंग शुल्क के 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई। डॉ. प्रेम कुमार ने नवादा जिले के हिसुआ क्षेत्र की कमजोर वर्ग की महिलाओं को जीविका से जोड़ने और उन्हें योजनाओं का अपेक्षित लाभ दिलाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
गया का दौरा कर जीविका दीदियों से सीधे संवाद करेंगे डॉ. प्रेम कुमार
बैठक के अंत में विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ जैविक खेती, ग्रामीण उद्यमिता और उत्पादों की मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने जल्द ही गया जिले का भ्रमण कर जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं से सीधे संवाद करने और योजनाओं के क्रियान्वयन का जमीनी स्तर पर जायजा लेने की इच्छा भी जताई। कुल मिलाकर बैठक में महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण रोजगार, जैविक खेती और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। अब इन योजनाओं के विस्तार और जमीनी क्रियान्वयन पर नजर रहेगी।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।