BIG NEWS
झारखंड के सरिया में 21-22 नवंबर को जुटेंगे देशभर के दलित, गरीब और ग्रामीण मजदूर, 1000 से अधिक प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा
खेग्रामस का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन होगा आयोजित,दीपंकर भट्टाचार्य,ज्यां द्रेज,दयामणि बारला और विनोद सिंह समेत कई दिग्गज नेता करेंगे संबोधित
पटना/गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के सरिया में आगामी 21 और 22 नवंबर को दलितों, गरीबों और ग्रामीण मजदूरों का विराट राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से 1000 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में ग्रामीण मजदूरों के अधिकार, रोजगार, आवास, गरीबी, शिक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी।
सम्मेलन को भाकपा (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, प्रख्यात अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज, प्रो. डीएम दिवाकर, हैदराबाद के दलित चिंतक लक्ष्मणैया, सामाजिक कार्यकर्ता दयामणि बारला और पूर्व विधायक विनोद सिंह समेत कई प्रमुख हस्तियां संबोधित करेंगी। इसके अलावा देश के कई सांसद, विधायक, किसान, मजदूर और महिला नेता भी अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मोदी सरकार पर धीरेंद्र झा का हमला
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेग्रामस के राष्ट्रीय महासचिव धीरेंद्र झा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार आंकड़ों के जरिए देश में गरीबी की वास्तविक स्थिति को छिपाने का प्रयास कर रही है। धीरेंद्र झा ने कहा कि सरकार भले ही गरीबी कम होने के दावे कर रही हो, लेकिन ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी, कर्ज और आर्थिक बदहाली की समस्या बनी हुई है। गरीब परिवारों पर कर्ज का दबाव बढ़ रहा है और आत्महत्या की घटनाएं चिंता का विषय हैं।
उन्होंने सरकारी शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि शिक्षा व्यवस्था को लगातार कमजोर किया जा रहा है और इसे कॉरपोरेट हितों के हवाले करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट बुलडोजर राज के खिलाफ गांव, गरीबों और ग्रामीण मजदूरों का आंदोलन राष्ट्रीय सम्मेलन के बाद और तेज किया जाएगा।
SIR और मताधिकार का मुद्दा भी रहेगा प्रमुख
खेग्रामस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सत्यदेव राम ने भी भाजपा और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान दलितों, गरीबों और प्रवासी मजदूरों के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने SIR प्रक्रिया वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सत्यदेव राम ने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का सवाल इस राष्ट्रीय सम्मेलन के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेगा।
बिहार से 500 प्रतिनिधि होंगे शामिल, 10 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य
खेग्रामस के बिहार राज्य सचिव शत्रुघ्न सहनी ने बताया कि राष्ट्रीय सम्मेलन में बिहार से करीब 500 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में दलितों और गरीबों के वास-आवास के सवाल पर विशेष चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण मजदूरों के लिए रोजगार की गारंटी, जी-राम-जी योजना के तहत काम की उपलब्धता, मजदूरी का समय पर भुगतान और मजदूरों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे। शत्रुघ्न सहनी ने बताया कि बिहार में संगठन का सदस्यता अभियान तेजी से चल रहा है। संगठन ने राज्य में 10 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को मिलेगी नई दिशा
आयोजकों के मुताबिक, यह राष्ट्रीय सम्मेलन देश के दलितों, गरीबों, ग्रामीण मजदूरों और वंचित समुदायों के अधिकारों एवं सम्मान की लड़ाई को मजबूत करने का मंच बनेगा। रोजगार, आवास, सामाजिक सुरक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों पर देशभर के प्रतिनिधि अपने विचार रखेंगे। सरिया में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन को लेकर संगठन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अब सबकी नजर 21 और 22 नवंबर को होने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन पर है।
पटना से अंकिता की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।