BREAKING NEWS
गयाजी पहुंचे मंत्री संजय सिंह, विष्णुपद मंदिर में की पूजा-अर्चना; गोलीकांड के पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात
अतरी के जेठियन गांव जाकर मृतक के परिजनों से मिलेंगे मंत्री, बोले- पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दिलाने का करेंगे प्रयास
गयाजी:लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कोटे से मंत्री बने संजय सिंह रविवार को गया पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना कर भगवान विष्णु का आशीर्वाद लिया। इस दौरान लोजपा (रामविलास) के वरिष्ठ नेता अरविंद सिंह,जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह,ठाकुर सुमन सिंह समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गोलीकांड के पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात
विष्णुपद मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री संजय सिंह ने बताया कि वह अतरी विधानसभा क्षेत्र के जेठियन गांव जाएंगे। यहां गोली मारकर हत्या किए गए युवक के परिजनों से मुलाकात करेंगे और घटना की जानकारी लेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलकर पूरे मामले को समझा जाएगा। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को भी घटना से अवगत कराया जाएगा। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
अनंत सिंह के निष्कासन पर बोले- यह जदयू का आंतरिक मामला
जदयू से अनंत सिंह के निष्कासन को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय सिंह ने कहा कि यह जदयू का आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में अनुशासन का पालन जरूरी है। पार्टी के संविधान और अनुशासन के अनुरूप नहीं चलने वालों के खिलाफ संबंधित दल अपने नियमों के अनुसार कार्रवाई कर सकता है।
मुआवजे पर पीड़ित परिवार से मिलने के बाद लेंगे निर्णय
गोलीकांड में जान गंवाने वाले युवक के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि वह पहले परिवार से मिलकर घटना और उनकी परिस्थितियों की जानकारी लेंगे। इसके बाद पीड़ित परिवार की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।