Live

BREAKING NEWS

गयाजी-बोधगया में पर्यटन विकास को मिलेगी रफ्तार, 3500 करोड़ की कॉरिडोर परियोजना पर बड़ा अपडेट; 500 करोड़ के विदेशी निवेश की संभावना

D
Deepak Kumarलेखक

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक,स्थानीय रोजगार और धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता देने का निर्देश
पटना: बिहार के गयाजी और बोधगया को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर पर्यटन विकास, स्थानीय रोजगार और विदेशी निवेश को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि करीब3500 करोड़ रुपये की गयाजी कॉरिडोर परियोजना काDPR भारत सरकार को भेजा जा चुका है। इसके तहत गयाजी धाम का विकास, फल्गु नदी में सालोंभर जल की उपलब्धता, मनसरवा नाला को आच्छादित करने और सड़क-पार्किंग सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। वहीं, बोधगया महाबोधि कॉरिडोर के तहत छह योजनाएं तैयार की गई हैं।

500करोड़ के विदेशी निवेश की संभावना
डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि सिडनी और सिंगापुर सहित विदेशों के कुछ निवेशक गयाजी और बोधगया में लगभग500 करोड़ रुपये तक निवेश करने के इच्छुक हैं। होटल, भोजनालय, मनोरंजन पार्क, जल क्रीड़ा और इको टूरिज्म जैसी परियोजनाओं के जरिए स्थानीय रोजगार बढ़ाने पर चर्चा हुई।

चार स्थानों पर रोपवे परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में डुंगेश्वरी, ब्रह्मयोनी, प्रेतशिला और वाणावर रोपवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इनके निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा गयाजी में1080 बेड की धर्मशाला, मुचलिंद सरोवर और गांधी मैदान के विकास पर भी चर्चा हुई।

53लाख श्रद्धालुओं के आगमन पर सुविधाएं बढ़ाने पर जोर
इस वर्ष पितृपक्ष मेले में करीब53 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने पर डॉ. प्रेम कुमार ने संतोष जताया। उन्होंने कपिलधारा, मातंगवापी, सीताकुंड, मां मंगलागौरी और गुरपा सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास की समेकित कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया।

उन्होंने पर्यटन योजनाओं में स्थानीय नागरिकों, जीविका समूहों और संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि पर्यटन विकास के साथ रोजगार के अवसर बढ़ सकें।

बैठक में पर्यटन विभाग के वरीय अधिकारियों सहित बिहार विधानसभा सचिवालय के पदाधिकारी मौजूद रहे। डॉ. प्रेम कुमार ने सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और उनके क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें