Live

PATNA CRIME

फुलवारी शरीफ थाने से हथकड़ी पहनकर फरार हुआ मोबाइल चोरी का आरोपी, जेल भेजने की तैयारी के दौरान चकमा देकर भागा

D
Deepak Kumarलेखक

पटना:राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना परिसर से गुरुवार को मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी की पहचान शाहरुख के रूप में बताई गई है। वह जेल भेजे जाने की तैयारी के दौरान हथकड़ी पहनकर ही भाग निकला। घटना के बाद थाने में अफरातफरी मच गई और पुलिसकर्मी उसकी तलाश में जुट गए।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मोबाइल चोरी के आरोप में शाहरुख को गिरफ्तार कर थाने लाया था। पूछताछ के दौरान उसके खिलाफ मोबाइल चोरी से जुड़े कई आरोप सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस उसे जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही थी।

गुरुवार दोपहर आरोपी को हथकड़ी लगाकर जेल ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मी उसे ऑटो में बैठाने से पहले उसकी तस्वीर लेने लगे। बताया जाता है कि इसी मौके का फायदा उठाकर शाहरुख पुलिस को चकमा देने में सफल रहा और हथकड़ी पहनकर ही फरार हो गया।

आरोपी के भागते ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़े और आसपास के इलाके में तलाश की, लेकिन उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिली।

घटना के बाद पुलिस आरोपी के फरार होने की दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी गई है।

थाने से पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी के फरार होने की इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और हिरासत में रखे गए आरोपियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस फरार शाहरुख को दोबारा गिरफ्तार करने के लिए प्रयास कर रही है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें