Live

BREAKING NEWS

एक दिन में कीजिए पटना के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों का दीदार, पर्यटन विभाग ने शुरू किए तीन विशेष पैकेज

D
Deepak Kumarलेखक

स्कूली बच्चों, वीकेंड ट्रैवलर्स और धार्मिक पर्यटकों के लिए अलग-अलग भ्रमण योजनाएं तैयार

परिवहन, खानपान, प्रवेश शुल्क और गाइड की सुविधा भी पैकेज में शामिल

राजधानी पटना के ऐतिहासिक गौरव, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक महत्व से पर्यटकों को रूबरू कराने के लिए पर्यटन विभाग ने विशेष पहल की है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) की ओर से पटना और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए तीन आकर्षक एक दिवसीय टूर पैकेज जारी किए गए है। इन पैकेजों को स्कूली बच्चों, वीकेंड पर घूमने के इच्छुक पर्यटकों और धार्मिक स्थलों के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य कम समय में पटना के प्रमुख पर्यटन स्थलों का व्यवस्थित और सुविधाजनक भ्रमण उपलब्ध कराना है।

इन टूर पैकेजों के तहत पर्यटकों को परिवहन, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, चाय-कॉफी, पेयजल, स्मारकों का प्रवेश शुल्क और प्रशिक्षित गाइड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पर्यटन पुलिस की सुविधा भी शामिल की गई है, ताकि पर्यटकों का सफर सुरक्षित और सुगम हो सके।

स्कूली बच्चों के लिए विशेष पटना दर्शन पैकेज

स्कूली बच्चों के लिए तैयार पैकेज में पटना के ऐतिहासिक, शैक्षणिक और मनोरंजक स्थलों को शामिल किया गया है। इस दौरान बच्चे पटना चिड़ियाघर, गवर्नर हाउस, सचिवालय, इको पार्क और बिहार म्यूजियम का भ्रमण कर सकेंगे। इसके बाद गोलघर, गांधी संग्रहालय, सभ्यता द्वार, साइंस सेंटर और बुद्ध स्मृति पार्क देखने का अवसर मिलेगा। इस पैकेज का शुल्क डीलक्स एसी बस, डेकर एसी बस और ट्रैवलर से यात्रा करने पर 2000 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित है। वहीं, इनोवा और एटियोस से यात्रा करने पर प्रति व्यक्ति 2500 रुपये खर्च करने होंगे। वाहन के अनुसार न्यूनतम यात्रियों की संख्या भी निर्धारित की गई है।

वीकेंड पैकेज में इतिहास के साथ धार्मिक स्थलों का भी दीदार

वीकेंड पैकेज के तहत पर्यटक पटना के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ सिख धर्म की ऐतिहासिक विरासत से भी परिचित हो सकेंगे। इसमें पटना चिड़ियाघर, बिहार म्यूजियम, गोलघर, तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब, प्रकाश पुंज, बाल लीला और मंगल तालाब जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं। इसके अलावा पर्यटकों को लेजर लाइट शो देखने और पटना शहर के प्रमुख हिस्सों का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा। इस पैकेज का टैरिफ स्कूली बच्चों वाले पैकेज के समान रखा गया है।

धार्मिक पर्यटन के लिए अलग पैकेज

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धार्मिक टूर पैकेज भी तैयार किया गया है। इसके तहत महावीर मंदिर, इस्कॉन मंदिर, शीतला माता मंदिर, बड़ी पटन देवी, अगम कुआं, छोटी पटन देवी और जल्ला हनुमान मंदिर सहित शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इस पैकेज में गुरुद्वारा पटना साहिब में लंच की व्यवस्था भी शामिल है। धार्मिक टूर के लिए एसी डीलक्स बस और डेकर बस का किराया 1500 रुपये प्रति व्यक्ति तथा ट्रैवलर का किराया 1600 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।

यहां कर सकते है बुकिंग

इन पैकेजों की बुकिंग और विस्तृत जानकारी के लिए पर्यटक बिहार पर्यटन की वेबसाइट www.tourism.bihar.gov.in पर संपर्क कर सकते है। इसके अलावा 8544418314 और 8544418408 पर फोन अथवा ttbstdc@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें