BIHAR CRIME
डोभी के करमौनी में शराब के नशे में 25-30 युवकों के बीच जमकर मारपीट, एक गिरफ्तार; 13 बाइक जब्त
लाठी-डंडे लेकर दो गुटों के बीच हुई भिड़ंत, पुलिस को देखकर बाइक छोड़कर फरार हुए अधिकांश युवक; घटनास्थल से तीन बांस के डंडे भी बरामद
गया(शेरघाटी): डोभी थाना क्षेत्र के करमौनी में सोमवार की शाम शराब के नशे में 25 से 30 युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। डोभी-गया मुख्य सड़क पर स्थित शीतलछाया होटल के समीप हुई इस घटना में दोनों गुटों के युवक लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही डोभी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही मारपीट में शामिल अधिकांश युवक अपनी-अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटनास्थल से कुल 13 मोटरसाइकिल और तीन बांस के डंडे जब्त किए गए हैं।
इस संबंध में शेरघाटी-2 के डीएसपी राजन कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो गुटों के बीच लाठी-डंडे से मारपीट हो रही है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और एक युवक को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार युवक की पहचान डोभी थाना क्षेत्र के भलुआ गांव निवासी संदीप यादव के रूप में हुई है। डीएसपी ने बताया कि मारपीट किस कारण से हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। फरार युवकों की पहचान और घटना में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।