BREAKING NEWS
दीपावली और छठ पर बिहार में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 6 से 17 नवंबर तक स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियों पर रोक
पटनाः दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए बिहार सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में24घंटे आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रमुख छठ घाटों पर मेडिकल कैंप लगाने की तैयारी की है।
स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के अनुसार, 6नवंबर से17नवंबर2026तक डॉक्टरों,नर्सों,पैरामेडिकल और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के सामान्य अवकाश पर रोक रहेगी। विशेष परिस्थिति में सक्षम अधिकारी की अनुमति से ही छुट्टी मिल सकेगी।
छठ घाटों पर तैनात रहेंगी मेडिकल टीमें और एम्बुलेंस
छठ महापर्व के दौरान प्रमुख और संवेदनशील घाटों पर मेडिकल कैंप बनाए जाएंगे। यहां डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की शिफ्टवार तैनाती होगी। इसके अलावा102एम्बुलेंस सहित अन्य एम्बुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड में रखा जाएगा, ताकि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।
पटाखों से जलने और चोट लगने पर विशेष इंतजाम
अस्पतालों में जरूरी दवाएं, ऑक्सीजन, बर्न वार्ड, क्रिटिकल केयर बेड और वेंटिलेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। पटाखों से जलने, चोट लगने और सांस संबंधी समस्याओं के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी।
मिलावटी मिठाइयों पर भी होगी कार्रवाई
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए मिठाई, खोया, छेना, घी और खाद्य तेल की दुकानों पर विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। मिलावट मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
104हेल्पलाइन पर मिलेगी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी
सभी जिलों में24घंटे स्वास्थ्य नियंत्रण कक्ष संचालित किए जाएंगे। वहीं, राज्य स्तर पर बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति का हेल्पलाइन नंबर104 भी कार्यरत रहेगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है, ताकि दीपावली और छठ के दौरान आम लोगों एवं श्रद्धालुओं को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।