BIHAR NEWS
देवराहा बाबा के जीवन पर बनेगी फिल्म ‘रुद्रयोगी’, 2027 के सावन में सिनेमाघरों में होगी रिलीज
विनीत कुमार सिंह और मोहित रैना समेत कई बड़े कलाकार आएंगे नजर
दरभंगा: बिहार की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को अब बड़े पर्दे पर नई पहचान मिलने जा रही है। देश-दुनिया में श्रद्धा और आस्था के केंद्र रहे पूज्य देवराहा बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत पर आधारित फिल्म ‘रुद्रयोगी’ बनाने की घोषणा की गई है। बिहार के प्रसिद्ध लेखक और आध्यात्मिक चिंतक डॉ. विक्रम मिश्रा की बेस्टसेलर पुस्तक ‘महादेव अंश’ पर आधारित इस फिल्म को वर्ष 2027 के सावन महीने में सिनेमाघरों में रिलीज करने का लक्ष्य रखा गया है।
डॉ. विक्रम मिश्रा ने प्रेसवार्ता में फिल्म की जानकारी देते हुए बताया कि ‘रुद्रयोगी’ के माध्यम से पूज्य देवराहा बाबा के जीवन, आध्यात्मिक चिंतन, साधना और भक्तों के बीच उनकी गहरी आस्था को सिनेमाई रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। फिल्म का उद्देश्य उनकी आध्यात्मिक विरासत और विचारों को देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचाना है।
मिथिलांचल, उत्तर प्रदेश और वृंदावन में हुई शूटिंग
फिल्म की अधिकांश शूटिंग मिथिलांचल के अलावा उत्तर प्रदेश और वृंदावन में की गई है। इन स्थानों का चयन देवराहा बाबा से जुड़ी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्मृतियों को ध्यान में रखकर किया गया है। इन क्षेत्रों में आज भी बाबा की विरासत और उनसे जुड़ी आस्था की झलक देखने को मिलती है। फिल्म में इन स्थानों की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पृष्ठभूमि को विशेष महत्व दिया गया है।
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता रवि राज मुर्मू करेंगे निर्देशन
फिल्म ‘रुद्रयोगी’ का निर्देशन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता रवि राज मुर्मू करेंगे। फिल्म की स्टारकास्ट में भी कई चर्चित नाम शामिल हैं। मुख्य भूमिकाओं के लिए विनीत कुमार सिंह, मोहित रैना, अविनाश तिवारी, शरद केलकर, करण टैकर और राजीव खंडेलवाल सहित कई कलाकारों के नाम सामने आए हैं। हालांकि, फिल्म में किस कलाकार को कौन-सी भूमिका दी गई है, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने आना बाकी है।
चेतन भगत ने किया था ‘महादेव अंश’ पुस्तक का विमोचन
डॉ. विक्रम मिश्रा ने बताया कि उनकी पुस्तक ‘महादेव अंश’ का विमोचन प्रसिद्ध लेखक चेतन भगत ने मुंबई के ताज होटल में किया था। अब इसी पुस्तक की विषयवस्तु को फिल्म के माध्यम से बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की तैयारी है। लेखक के अनुसार, पुस्तक में वर्णित आध्यात्मिक प्रसंगों और देवराहा बाबा की विरासत को फिल्म में विशेष स्थान दिया जाएगा।
भक्ति और अध्यात्म पर आधारित फिल्मों से बढ़ी उम्मीदें
नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक विरासत से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बाद भक्ति और अध्यात्म आधारित फिल्मों को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी चर्चा में रही है। इसी क्रम में ‘रुद्रयोगी’ को भी एक महत्वपूर्ण सिनेमाई प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
मिथिलांचल की आध्यात्मिक विरासत को मिलेगी नई पहचान
फिल्म ‘रुद्रयोगी’ को लेकर मिथिलांचल के लोगों में खास उत्सुकता है। क्षेत्र से जुड़े आध्यात्मिक इतिहास और देवराहा बाबा की विरासत को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किए जाने से बिहार की सांस्कृतिक पहचान को भी व्यापक मंच मिलने की उम्मीद है। अब दर्शकों को वर्ष 2027 के सावन का इंतजार रहेगा, जब ‘रुद्रयोगी’ के जरिए देवराहा बाबा के जीवन और आध्यात्मिक विरासत की कहानी सिनेमाघरों तक पहुंचेगी।
दरभंगा से गिरिश कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।