BREAKING NEWS
देवपालिक गुप्ता की मौत पर प्रशांत किशोर ने उठाए सवाल, बोले- गिरे या गिराए गए, हो गहन जांच
जन सुराज के डिजिटल कम्युनिकेशन हेड देवपालिक गुप्ता की मौत पर सस्पेंस,प्रशांत किशोर बोले—ट्रेन से गिरे या गिराए गए,हो निष्पक्ष जांच
पटना: जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन हेड देवपालिक गुप्ता की मौत के मामले में पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने गहन जांच की मांग की है। गुरुवार को वे पश्चिम चंपारण के भितहा स्थित देवपालिक के पैतृक गांव गोड़रिया पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि देवपालिक ट्रेन से खुद गिरे थे या उन्हें गिराया गया था। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
प्रशांत किशोर ने परिजनों से मुलाकात के बाद बांसी नदी के मलाही घाट पर आयोजित देवपालिक गुप्ता के अंतिम संस्कार में भी हिस्सा लिया। उन्होंने पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान घाट पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उन्होंने देवपालिक के बड़े भाई और पत्रकार तारकेश्वर गुप्ता सहित अन्य परिजनों से बातचीत कर दुख की इस घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।
26 अक्टूबर को ट्रेन से कर रहे थे यात्रा
जानकारी के अनुसार, 31 वर्षीय देवपालिक गुप्ता 26 अक्टूबर को जनशताब्दी एक्सप्रेस से रांची से पटना आ रहे थे। यात्रा के दौरान वे अपनी बर्थ से यह कहकर निकले थे कि पैंट्री कार से खाना लेने जा रहे हैं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उनके साथियों को चिंता हुई। फोन करने पर उनका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद साथियों ने मुरी स्टेशन पर उतरकर पुलिस को सूचना दी। तलाश के दौरान रेलवे पटरी के किनारे उनका शव बरामद हुआ।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
देवपालिक के बड़े भाई तारकेश्वर गुप्ता ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए उचित जांच की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि खाना लेने जाने के दौरान उनका मोबाइल कैसे बंद हो गया। फिलहाल मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल बने हुए हैं। मामले की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।