BIHAR NEWS
देव कार्तिक छठ मेला के आयोजन के लिए 45 लाख रुपये स्वीकृत, बड़ेम के सूर्य राघव मंदिर मेले को भी मिलेंगे 10 लाख रुपये
राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने दी जानकारी,दोनों मेलों के लिए कुल 55लाख रुपये की मंजूरी;श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा
पटना/औरंगाबाद: बिहार के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल देव में आयोजित होने वाले कार्तिक छठ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। औरंगाबाद जिले के ऐतिहासिक देव कार्तिक छठ मेला के आयोजन और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए 45 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं, नवीनगर प्रखंड स्थित सूर्य राघव मंदिर, बड़ेम में आयोजित होने वाले कार्तिक छठ मेला के लिए 10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इस तरह दोनों धार्मिक आयोजनों के लिए सरकार ने कुल 55 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इसकी जानकारी राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने दी।
सरकार के इस फैसले से देव और बड़ेम में कार्तिक छठ के दौरान पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है।
देव कार्तिक छठ मेला के लिए 45लाख रुपये मंजूर
औरंगाबाद जिले की सूर्यनगरी देव में आयोजित होने वाला कार्तिक छठ मेला धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बिहार के प्रमुख आयोजनों में शामिल है। यहां स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर में भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना के लिए बिहार समेत देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
कार्तिक छठ के अवसर पर देव में लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की परंपरा रही है। ऐसे में मेले के दौरान बेहतर व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने देव कार्तिक छठ मेला-2026 के लिए 45 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।
बड़ेम के सूर्य राघव मंदिर मेले को मिलेंगे 10लाख रुपये
देव के साथ-साथ नवीनगर प्रखंड स्थित सूर्य राघव मंदिर, बड़ेम में आयोजित होने वाले कार्तिक छठ मेला के लिए भी सरकार ने विशेष राशि मंजूर की है। इस धार्मिक आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इससे बड़ेम में आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। सरकार का उद्देश्य राज्य के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों पर आयोजित होने वाले आयोजनों को प्रोत्साहित करना है।
छठ बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान: डॉ. दिलीप जायसवाल
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं में छठ महापर्व का विशेष स्थान है। देव की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता के कारण यहां आयोजित होने वाले कार्तिक छठ मेले में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं, सुगम आवागमन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
डॉ. जायसवाल ने कहा कि देव कार्तिक छठ मेले का सुव्यवस्थित आयोजन केवल श्रद्धालुओं की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से स्थानीय दुकानदारों, छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और अन्य व्यवसायों को भी लाभ मिलता है। बेहतर व्यवस्थाओं से धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और देव की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।
स्वीकृत राशि के खर्च की तय की गई जिम्मेदारी
विभाग की ओर से जारी स्वीकृति आदेश में राशि के उपयोग को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके अनुसार, स्वीकृत राशि का उपयोग केवल संबंधित मेले के आयोजन और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं पर ही किया जा सकेगा। राशि का व्यय संबंधित अपर समाहर्त्ता, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता और अंचलाधिकारी के माध्यम से कराया जाएगा। इसके खर्च की संपूर्ण जवाबदेही संबंधित समाहर्त्ता, अपर समाहर्त्ता एवं निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी की होगी।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।