Live

BREAKING NEWS

दिल्ली में भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो-2026 का आयोजन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी होंगे शामिल

D
Deepak Kumarलेखक

नई दिल्ली/पटना: देश में स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 2 से 5 नवंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 नवंबर को सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

इस आयोजन में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों, नीति निर्माताओं, निवेशकों, उद्योगपतियों, वैज्ञानिकों और ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों के शामिल होने की उम्मीद है। सम्मेलन की थीम 'Invest. Innovate. Inspire.' रखी गई है।

सम्मेलन में नई तकनीकों के विकास पर होगा मंथन

सम्मेलन में सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी स्टोरेज और आधुनिक बिजली ग्रिड जैसी तकनीकों पर विशेष चर्चा होगी। इसके साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, नई तकनीकों के विकास और घरेलू विनिर्माण को प्रोत्साहित करने पर मंथन किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) की 9वीं सभा और ग्रीन हाइड्रोजन पर चौथा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भी आयोजित होगा। इन आयोजनों के जरिए विभिन्न देशों के बीच ऊर्जा सहयोग, तकनीकी आदान-प्रदान और निवेश की संभावनाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

एक्सपो में 400 से अधिक कंपनियां होंगी शामिल

एक्सपो में 400 से अधिक कंपनियां, निर्माता, स्टार्टअप, तकनीकी संस्थान और शोध संगठन अपनी आधुनिक तकनीकों एवं उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। सम्मेलन में बिहार समेत 13 राज्यों की भागीदारी होगी। राज्य अपनी नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता, निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक विकास से जुड़ी योजनाओं को प्रदर्शित करेंगे। इस आयोजन के जरिए बिहार में सौर ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण और नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाओं में निवेश की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें