BIHAR NEWS
छठ से पहले पटना में फूड डिपार्टमेंट की बड़ी कार्रवाई! मीना बाजार में गुड़ कारोबारी की दुकान बंद कराई गई, मचा हड़कंप
आलमगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने की छापेमारी,गुड़ के नमूने जांच के लिए किए सील;बिना वैध लाइसेंस कारोबार करने का आरोप
पटना: छठ महापर्व से पहले राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र स्थित मीना बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुड़ कारोबारी की दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान में रखे गुड़ के नमूने लेकर जांच के लिए सील किए गए। वहीं, कारोबारी संजीव की दुकान बंद करा दी गई।
गुड़ की दुकान पर अचानक पहुंची फूड विभाग की टीम
मिली जानकारी के अनुसार, छठ महापर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मीना बाजार पहुंची थी। यहां गुड़ बेचने वाले कारोबारी संजीव की दुकान पर छापेमारी की गई। टीम की अचानक कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि विभाग की कार्रवाई देखकर आसपास के कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से चले गए।
बिना लाइसेंस कारोबार करने का आरोप
इस संबंध में फूड इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि गुड़ कारोबारी संजीव के पास गुड़ बेचने का वैध लाइसेंस नहीं है। दुकान में रखे मीठे गुड़ की गुणवत्ता को लेकर भी अनियमितता पाई गई है। इसके बाद गुड़ के नमूने लेकर जांच के लिए सील कर दिया गया।
जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फूड इंस्पेक्टर ने बताया कि जब्त नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कारोबारी की दुकान बंद करा दी गई है।
छठ महापर्व के दौरान गुड़ की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
पटना सिटी से उमेश चौबे की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।