BREAKING NEWS
छठ से पहले पटना के गंगा घाट तैयार, सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम; जानें किस घाट पर क्या है खास
पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर राजधानी पटना के गंगा घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं और छठव्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। बड़हरवा, लॉ कॉलेज, बीएनआर, कलेक्ट्रेट, महेंद्र, रानी और दीघा घाट पर साफ-सफाई, समतलीकरण, बैरिकेडिंग, रोशनी और सुरक्षा निगरानी की व्यवस्था की गई है।
बड़हरवा घाट पर जमीन की लेवलिंग पूरी कर ली गई है। यहां रोशनी और वाच टावर की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए छह से दस फुट की दूरी पर बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, लॉ कॉलेज घाट पर पांच चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। यहां 15 फुट तक बैरिकेडिंग की गई है और गंगा में पानी की गहराई करीब छह फुट बताई गई है।
बीएनआर घाट पर भी तैयारियां पूरी हैं। यहां 15 फुट की दूरी पर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि पानी की गहराई करीब 10 फुट है। कलेक्ट्रेट घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने के लिए दो रास्ते उपलब्ध हैं। जेपी गंगा सेतु के एप्रोच रोड से करीब दो किलोमीटर और कलेक्ट्रेट किनारे बने रास्ते से लगभग 900 मीटर की दूरी तय कर घाट तक पहुंचा जा सकता है। यहां अस्थायी शौचालय, हैंडपंप, लाइटिंग और वाच टावर की व्यवस्था की गई है।
महेंद्र घाट पर चार चेंजिंग रूम, तीन नियंत्रण कक्ष और मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था है। करीब 300 मीटर लंबे घाट पर बेहतर रोशनी का इंतजाम किया गया है। रानी घाट पर भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहीं, दीघा घाट को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। रात में घाट का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई दे रहा है। कुल मिलाकर पटना के गंगा घाट छठ महापर्व के स्वागत के लिए तैयार हैं।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।