BIHAR POLITICS
छठ पर राज ठाकरे के बयान से भड़कीं रोहिणी आचार्य, बोलीं- जैसे बरसात में मेंढक निकलते हैं, वैसे छठ में सामने आते हैं
पटना: महाराष्ट्र में छठ पूजा को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे की टिप्पणी पर बिहार की राजनीति गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने राज ठाकरे पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जैसे बरसात के मौसम में मेंढक निकलते हैं, वैसे ही छठ पूजा के समय राज ठाकरे सामने आ जाते हैं।
रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया कि राज ठाकरे मीडिया में सुर्खियां बटोरने और लाइमलाइट में बने रहने के लिए इस तरह के बयान देते हैं। छठ महापर्व पर टिप्पणी करके वह बिहार और पूर्वांचल के लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र भी भारत का हिस्सा है और देश के हर नागरिक को अपनी पसंद के स्थान पर रहने, त्योहार मनाने और चुनाव लड़ने का अधिकार है। महाराष्ट्र में रहने वाले बिहारियों को भी छठ पूजा सहित अपने सभी पर्व और त्योहार मनाने की पूरी आजादी मिलनी चाहिए।
बीजेपी नेताओं से भी मांगा जवाब
रोहिणी आचार्य ने इस विवाद पर बीजेपी नेताओं और केंद्र सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और बीजेपी के नेता छठ महापर्व पर शुभकामना संदेश देते हैं, लेकिन जब इसी पर्व को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती हैं तो उन्हें खुलकर सामने आना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि आखिर सरकार क्या कर रही है?
MNS ने छठ आयोजन पर जताई आपत्ति
दरअसल, राज ठाकरे की पार्टी मनसे ने मुंबई के बाणगंगा और गिरगांव चौपाटी सहित कुछ स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर आपत्ति जताई है। पार्टी ने मुंबई पुलिस को पत्र लिखकर आयोजन पर रोक लगाने की मांग की है। मनसे ने घाटों पर गंदगी और पर्यावरण को नुकसान होने का तर्क दिया है।
राज ठाकरे की सोशल मीडिया टिप्पणी के बाद बिहार और महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। रोहिणी आचार्य ने राज ठाकरे की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना करते हुए सभी लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।