BIHAR NEWS
छठ पर पटना में 53 गंगा घाटों और 6 तालाबों पर तैयारी पूरी, दो नए घाट बढ़े; अब्दुर रहमान घाट खतरनाक घोषित
पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना में प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। पटना सिटी और अजीमाबाद अंचल के 53 गंगा घाटों तथा छह तालाबों पर छठ व्रतियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से घाटों की सफाई, रोशनी, सजावट, पेयजल, चिकित्सा शिविर, दमकल और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ एसडीआरएफ, गोताखोर और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
अब्दुर रहमान घाट खतरनाक घोषित
वार्ड संख्या 72 स्थित अब्दुर रहमान घाट को गंगा के कटाव के कारण खतरनाक घोषित किया गया है। यहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वैकल्पिक रूप से कृत्रिम तालाब तैयार किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खतरनाक स्थलों, गहरे नालों और कटाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा बच्चों को भी वहां न जाने दें।
दो नए घाटों से बढ़ेगी सुविधा
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए वार्ड संख्या 51 में जगन्नाथ घाट और संत देवराहा बाबा घाट को विकसित किया गया है। इन दोनों घाटों पर दो हजार से अधिक व्रतियों के पहुंचने का अनुमान है। यहां रोशनी, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अस्पताल और दमकल विभाग अलर्ट
नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल और गुरु गोविंद सिंह जिला अस्पताल को आपात स्थिति के लिए तैयार रखा गया है। विभिन्न स्थानों पर दमकल की गाड़ियां और विद्युत कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अफवाहों से बचने, बच्चों की जेब में अभिभावकों का मोबाइल नंबर रखने और किसी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।