Live

BREAKING NEWS

छठ पर घर लौट रहे यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, मिर्जापुर में रेल हादसे से बिहार आने वाली कई ट्रेनें घंटों लेट

D
Deepak Kumarलेखक

पटना/नई दिल्ली:लोक आस्था के महापर्व छठ पर घर लौट रहे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में रेलवे की तीसरी लाइन के निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना का असर दिल्ली-हावड़ा रेलखंड पर देखने को मिल रहा है। डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होने के कारण बिहार आने वाली कई प्रमुख ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं।

तीसरी रेल लाइन के निर्माण के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार,मिर्जापुर में तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई। इसकी चपेट में आकर रेलवे का इलेक्ट्रिक पोल,निर्माण कार्य में लगी मशीनरी और जनरेटर नीचे गिर गए। हादसे के बाद रेल परिचालन प्रभावित हो गया और कई ट्रेनों को रोकना पड़ा।

राजधानी से संपूर्ण क्रांति तक कई ट्रेनें लेट
रेलखंड पर परिचालन प्रभावित होने का सीधा असर बिहार आने वाली ट्रेनों पर पड़ा है। प्रमुख ट्रेनों की देरी इस प्रकार बताई जा रही है:

तेजस राजधानी एक्सप्रेस: नई दिल्ली-राजेंद्रनगर तेजस राजधानी करीब8घंटे लेट
आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल: करीब 11 घंटे की देरी
संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस: करीब 5 घंटे लेट
गरीब रथ एक्सप्रेस: परिचालन प्रभावित
मगध एक्सप्रेस: परिचालन पर असर

कई ट्रेनों का बदला गया रूट
हादसे के बाद रेल परिचालन को सामान्य बनाए रखने के लिए कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। इनमें प्रयागराज,वाराणसी और लखनऊ के रास्ते डायवर्ट की गई ट्रेनें भी शामिल हैं। इससे यात्रियों को अतिरिक्त समय और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

छठ पर घर लौटने वालों की बढ़ी परेशानी
छठ महापर्व के मौके पर दिल्ली, मुंबई और देश के अन्य शहरों से बड़ी संख्या में लोग बिहार लौट रहे हैं। ऐसे में ट्रेनों की घंटों की देरी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, परिवार के साथ छठ मनाने घर पहुंचने की उम्मीद लगाए बैठे यात्रियों को अब ट्रेन के निर्धारित समय से पहुंचने का इंतजार है।

यात्रियों को रेलवे अपडेट पर नजर रखने की सलाह
रेल परिचालन प्रभावित होने के कारण यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और रूट की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जांचने की सलाह दी जाती है। छठ के इस पावन अवसर पर रेल हादसे ने घर लौटने वाले हजारों यात्रियों की यात्रा को मुश्किल बना दिया है। अब यात्रियों की नजर रेल परिचालन सामान्य होने पर टिकी है।

संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें