Live

BIHAR NEWS

छठ पर बिहार में सुरक्षा का अभेद्य घेरा, 377 संवेदनशील घाटों पर NDRF-SDRF तैनात; 12,806 घाटों पर गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति

D
Deepak Kumarलेखक

पटनाःलोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बिहार सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर राज्य के संवेदनशील छठ घाटों पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें तैनात की गई हैं। राज्यभर के 377 संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, राज्य के 254 घाटों पर SDRF और 123 घाटों पर NDRF की टीमें तैनात की गई हैं। इसके अलावा 12,806 घाटों पर स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों को प्रतिनियुक्त किया गया है। छठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदियों और तालाबों में अर्घ्य देने पहुंचते हैं। ऐसे में डूबने जैसी घटनाओं को रोकने और आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए यह व्यवस्था की गई है।

पटना में 103 गंगा घाटों की तैयारी

राजधानी पटना में भी छठ पूजा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिला प्रशासन की ओर से 103 गंगा घाटों की व्यवस्था की गई है। इनमें 13 घाटों को खतरनाक और अनुपयुक्त घोषित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए इन घाटों की घेराबंदी कर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।

इसके अलावा 62 स्थायी और अस्थायी तालाबों को छठ पूजा के लिए तैयार किया गया है। घाटों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी और स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए पीएमसीएच, आईजीआईएमएस, पटना एम्स और गंगा किनारे के निजी अस्पतालों में भी बेड सुरक्षित रखे गए हैं।

आपातकालीन हेल्पलाइन जारी

आपदा प्रबंधन विभाग ने श्रद्धालुओं के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के नंबर 0612-2294204 और 0612-2294205 पर भी संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य देने और सावधानी बरतने की अपील की है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें