BREAKING NEWS
छठ महापर्व 2026 की तैयारियों में जुटी सरकार, CM ने किया गंगा घाटों का निरीक्षण; सुरक्षा और सफाई पर सख्त निर्देश
पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ-2026 को लेकर बिहार सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को स्टीमर से पटना के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने नासरीगंज घाट से कलेक्ट्रियेट घाट, गांधी घाट, पहलवान घाट, गुलाबी घाट, चौधरी टोला घाट, पथरी घाट, गायघाट और भद्र घाट होते हुए महावीर घाट तक निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंगा के जलस्तर और तेज प्रवाह को देखते हुए घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग की जाए। छठ व्रतियों के आवागमन के लिए संपर्क मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए। घाटों पर माइकिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार आवश्यक जानकारियां देने और साफ-सफाई में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
पटना में103गंगा घाटों पर चल रही तैयारी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पटना में गंगा नदी पर कुल 103 घाट हैं। इनमें 91 सुरक्षित, 5 खतरनाक और 7 घाटों पर अभी काम जारी है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 552 अस्थायी शौचालय, 450 यूरिनल, 400 चेंजिंग रूम, 13 यात्री शेड और 171 वॉच टावर बनाए गए हैं। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए 21 सेक्टर गठित किए गए हैं।
इसके अलावा पटना नगर निगम की ओर से 92 घाटों और 103 तालाबों को छठ महापर्व के लिए तैयार किया जा रहा है। इनमें 37 कृत्रिम और 66 स्थायी तालाब शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।