BREAKING NEWS
छठ महापर्व आस्था, तप, त्याग और आत्मानुशासन का अद्वितीय संगम- डॉ. प्रेम कुमार
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों और देशवासियों को दी छठ की शुभकामनाएं,कहा- अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को समान श्रद्धा से प्रणाम करना सिखाता है यह महापर्व
पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने समस्त प्रदेशवासियों, देशवासियों और विश्वभर में रह रहे बिहारवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने छठ महापर्व को आस्था, तप, त्याग, साधना और आत्मानुशासन का अद्वितीय संगम बताते हुए कहा कि यह पर्व बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है।
अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य की उपासना का विशेष संदेश
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भगवान सूर्य की उपासना को समर्पित छठ महापर्व चार दिनों तक चलने वाला विशेष अनुष्ठान है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इसके बाद खरना और निर्जला व्रत के माध्यम से व्रती अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं और परिवार तथा समाज के कल्याण की कामना करते हैं।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व का सबसे बड़ा संदेश यह है कि हम अस्ताचलगामी सूर्य को भी उतनी ही श्रद्धा से प्रणाम करते हैं, जितनी श्रद्धा से उदीयमान सूर्य का अभिनंदन करते हैं। यह परंपरा हमें जीवन के संघर्ष, उतार-चढ़ाव और हर परिस्थिति का सम्मान करना सिखाती है।
स्वच्छता,संयम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मन की पवित्रता, आत्मिक शुद्धि और स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखने की प्रेरणा भी देता है। भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ जीवन में आस्था, संयम और समर्पण का संदेश देती है।
बिहार की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है छठ
डॉ. प्रेम कुमार ने कामना की कि बिहार की प्राचीन सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं से जुड़ा यह पावन महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व समाज में सद्भाव, एकता और लोककल्याण की भावना को और मजबूत करे तथा सभी के जीवन में खुशहाली का संचार हो।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।