BIHAR NEWS
छठ घाटों का निरीक्षण करने पहुंचे रविशंकर प्रसाद, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; बोले- व्रतियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
दीघा,पाटी पुल,गायघाट और भद्रघाट का लिया जायजा,साफ-सफाई,रोशनी,बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा
पटना:लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर राजधानी पटना में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद ने अपने संसदीय क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने दीघा घाट,पाटी पुल घाट,गायघाट और भद्रघाट सहित अन्य घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई,प्रकाश व्यवस्था,पेयजल,सुरक्षा,बैरिकेडिंग,गोताखोरों की तैनाती और यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान रविशंकर प्रसाद ने पटना सिटी और पटना सदर के दोनों एसडीओ,नगर निगम के पदाधिकारियों तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को छठ घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान लाखों श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक घाट पर स्वच्छता,सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
सांसद ने घाटों पर चल रहे साफ-सफाई कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी घाटों पर पर्याप्त सफाई और प्रकाश की व्यवस्था होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने और पूजा-अर्चना करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने पेयजल की उपलब्धता,घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
डूब क्षेत्र को चिह्नित कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें
रविशंकर प्रसाद ने विशेष रूप से घाटों के डूब क्षेत्र को चिह्नित करने और वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाए और पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित हो।
उन्होंने यह भी कहा कि पहली अर्घ्य के बाद घाटों की स्थिति का दोबारा निरीक्षण किया जाए। जहां अतिरिक्त बालू की बोरियों या अन्य सुरक्षा इंतजामों की जरूरत हो,वहां तत्काल व्यवस्था की जाए,ताकि दूसरे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान भी घाट सुरक्षित और व्यवस्थित रहें।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
सांसद ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की आस्था,संस्कृति और समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में हर घाट पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर काम करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा। विशेष रूप से सुरक्षा,स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा पर ध्यान देने की बात कही।
छठ व्रतियों को दीं शुभकामनाएं
घाटों के निरीक्षण के अंत में रविशंकर प्रसाद ने सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर सभी व्रतियों को प्रणाम करते हुए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि भगवान सूर्य और छठी मैया सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली प्रदान करें।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।