Live

BREAKING NEWS

छठ से पहले CM सम्राट चौधरी का बड़ा तोहफा, 1.09 करोड़ लाभुकों के खाते में भेजे 1205 करोड़ रुपये; हर महीने मिलेंगे 1100 रुपये

D
Deepak Kumarलेखक

पटना:छठ महापर्व से पहले बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के लाखों बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 1 करोड़ 9 लाख लाभुकों के बैंक खातों में 1205 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेज दी है। प्रत्येक लाभुक के खाते में 1100-1100 रुपये अंतरित किए गए हैं। इस राशि से त्योहार के मौके पर जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक मदद मिलेगी।

पटना स्थित लोक सेवक आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पेंशन की राशि जारी की। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के दायरे से अब भी जो पात्र लोग बाहर हैं, उन्हें अभियान चलाकर योजना से जोड़ा जाए। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद बुजुर्ग, विधवा महिला या दिव्यांग व्यक्ति इस सामाजिक सुरक्षा के लाभ से वंचित नहीं रहे।

400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये हुई पेंशन

गौरतलब है कि बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि में बड़ी बढ़ोतरी की है। पहले पात्र लाभुकों को हर महीने 400 रुपये पेंशन मिलती थी, जिसे बढ़ाकर अब 1100 रुपये कर दिया गया है। इस फैसले से राज्य के करोड़ों जरूरतमंद लोगों को आर्थिक राहत मिल रही है।

डीबीटी से सीधे खाते में पहुंच रही राशि

योजना के तहत पेंशन की रकम सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म करने और पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलती है। बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए यह राशि रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में सहायक है।

छठ महापर्व से पहले इतनी बड़ी संख्या में लाभुकों के खातों में राशि भेजने को सरकार के सामाजिक सुरक्षा प्रयासों के तौर पर देखा जा रहा है। अब सरकार का जोर योजना से छूटे पात्र लोगों को जोड़ने पर है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें