Live

BREAKING NEWS

छठ महापर्व पर दूधिया रोशनी से जगमगाएंगे पटना के गंगा घाट, शहर में अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने का अभियान शुरू

D
Deepak Kumarलेखक

घाटों और पहुंच पथों पर लगेंगी करीब 47हजार अस्थायी लाइटें,नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने अधिकारियों को दिए समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
पटना: दीपावली एवं छठ महापर्व को लेकर राजधानी पटना में रोशनी की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पटना नगर निगम ने विशेष लाइटिंग अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत शहर की सड़कों, गली-मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों और गंगा घाटों को दूधिया रोशनी से जगमग किया जाएगा।

नगर निगम की ओर से एक तरफ खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का कार्य अंतिम चरण में है, वहीं दूसरी तरफ शहर के सभी वार्डों में अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। रविवार को पहले चरण में सभी वार्डों को कुल 1800 अतिरिक्त लाइटें उपलब्ध कराई गईं।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने विद्युत प्रमंडल एवं सभी अंचलों को निर्देश दिया है कि अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया है। इसके लिए सफाई निरीक्षकों को आवश्यक निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


गंगा घाटों और पहुंच पथों पर लगेंगी 47हजार अस्थायी लाइटें
छठ महापर्व के दौरान लाखों श्रद्धालु गंगा घाटों पर अर्घ्य देने पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों और वहां तक जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम विशेष तैयारी कर रहा है।

वर्तमान में पटना नगर निगम क्षेत्र के गंगा घाटों एवं पहुंच पथों पर 50 हाईमास्ट लाइट और करीब 2200 स्ट्रीट लाइटें पहले से लगी हुई हैं। इनके अतिरिक्त छठ महापर्व के अवसर पर लगभग 47 हजार अस्थायी लाइटें लगाई जाएंगी।

इनमें करीब 30 हजार फ्लड लाइट एवं मेटल लाइट तथा 17 हजार ट्यूबलाइट शामिल हैं। इससे घाटों, संपर्क मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित होगी। साथ ही श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

तालाबों और पार्कों में भी होगी विशेष रोशनी
गंगा घाटों के अलावा पटना नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न तालाबों और पार्कों में भी विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को रोशन करने के लिए निगम की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

नगर निगम का लक्ष्य है कि पर्व के दौरान शहर के सभी प्रमुख मार्गों, वार्डों, घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त रोशनी उपलब्ध रहे, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

पटना से अंकिता की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें