Live

BIHAR POLITICS

बिजली सब्सिडी पर NDA को मुकेश सहनी ने घेरा, निषाद आरक्षण पर भाजपा को चुनौती, 15 दिसंबर के बाद करेंगे बड़ा राजनीतिक फैसला

D
Deepak Kumarलेखक

बिजली सब्सिडी पर NDA ने जनता को ठगा, निषाद आरक्षण नहीं मिला तो भाजपा के खिलाफ उतरेंगे: मुकेश सहनी

पटना: विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने बिजली सब्सिडी, निषाद आरक्षण और नोटबंदी को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान बिहार की जनता से बिजली सब्सिडी को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए, जबकि सरकार को पहले से पता था कि राज्य की आर्थिक स्थिति छह हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी देने की नहीं है। इसके बावजूद जनता को गुमराह किया गया।

मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद आरक्षण की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के 12 हजार से अधिक गांवों में अभियान चलाया जा चुका है। उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज को आरक्षण नहीं मिला तो उनकी पार्टी भाजपा को हराने के लिए काम करेगी।

उन्होंने संकेत दिया कि 15 दिसंबर के बाद पार्टी अपनी आगे की राजनीतिक रणनीति और बड़ा फैसला सार्वजनिक करेगी। सहनी ने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने की इच्छा भी जाहिर की।

नोटबंदी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए सहनी ने कहा कि दस साल पहले लागू की गई नोटबंदी से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने सवाल उठाया कि इससे रोजगार और भ्रष्टाचार के मोर्चे पर क्या हासिल हुआ? उनके मुताबिक, नोटबंदी के बाद तीन लाख कंपनियां बंद हुईं और करीब 60 लाख लोगों का रोजगार प्रभावित हुआ।

मुकेश सहनी ने बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उनके इन बयानों से बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी निषाद आरक्षण और विपक्षी एकजुटता को लेकर नई राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें