Live

BREAKING NEWS

बिहार विधानसभा सचिवालय में गूंजेगा खेल का जुनून, क्रिकेट टूर्नामेंट समेत कई खेल प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

D
Deepak Kumarलेखक

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की पहल,कर्मचारियों के बीच फुटबॉल,बैडमिंटन,शतरंज और एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं भी होंगी आयोजित
पटना: बिहार विधानसभा सचिवालय में अब कामकाज के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में सचिवालय के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के बीच विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की तैयारी की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों के शारीरिक स्वास्थ्य, आपसी समन्वय और टीम भावना को मजबूत करना है।

इस आयोजन में सबसे खास आकर्षण क्रिकेट टूर्नामेंट होगा। इसके अलावा फुटबॉल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और शतरंज जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। वहीं, एथलेटिक्स के तहत दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद के मुकाबले होंगे। इसके साथ ही तैराकी प्रतियोगिता आयोजित करने की भी योजना है।

खेल के साथ सांस्कृतिक प्रतिभाओं को भी मिलेगा मंच
विधानसभा सचिवालय की इस पहल में केवल खेल ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। इसके तहत संगीत, पेंटिंग और विभिन्न वाद्ययंत्रों से जुड़ी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इससे कर्मचारियों को अपनी छिपी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

कर्मचारियों से मांगे गए आवेदन
विभिन्न प्रतियोगिताओं में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विधानसभा सचिवालय के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनकी रुचि के अनुसार आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उनकी सहभागिता के आधार पर खेल प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी। खास बात यह है कि भविष्य में बिहार विधानसभा के माननीय सदस्यों के लिए भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की योजना बनाई जा रही है।

स्वस्थ कार्यस्थल और टीम भावना विकसित करना उद्देश्य
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की इस पहल का उद्देश्य कार्यस्थल पर सकारात्मक और स्वस्थ वातावरण तैयार करना है। खेल गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों में अनुशासन, सहयोग, आपसी सौहार्द और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत किया जाएगा। इस आयोजन से विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों को रोजमर्रा के कामकाज से अलग अपनी खेल और सांस्कृतिक प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। साथ ही, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के जरिए आपसी संबंधों को और बेहतर बनाने की उम्मीद है।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें