Live

BIHAR BREAKING

बिहार में वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने और सुधारने का अभियान शुरू, 11 दिसंबर तक मिलेगा मौका

D
Deepak Kumarलेखक

बिहार में वोटर लिस्ट सुधारने का आज से बड़ा अभियान शुरू,11दिसंबर तक नाम जुड़वाने,हटाने और गलतियां सुधारने का मौका

पटना: बिहार में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और पात्र नागरिकों को मतदान का अधिकार सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान शुरू कर दिया है। गुरुवार, 12 नवंबर से शुरू हुआ यह अभियान 11 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, गलतियों में सुधार कराने और अपात्र मतदाताओं के नाम हटवाने का अवसर मिलेगा।

निर्वाचन आयोग की ओर से 12 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया गया है। इसके साथ ही दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। ऐसे नागरिक जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे इस अभियान के तहत आवेदन कर सकते हैं।

युवाओं को भी मिलेगा वोटर बनने का मौका

इस अभियान में युवाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। जिनकी उम्र1जनवरी2027तक18वर्ष पूरी हो रही है, वे भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा दिव्यांग मतदाताओं और छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा।

अलग-अलग काम के लिए अलग फॉर्म

निर्वाचन आयोग ने आवेदन के लिए अलग-अलग फॉर्म निर्धारित किए हैं। मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6भरना होगा। किसी मतदाता का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7और नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार कराने के लिए फॉर्म-8भरना होगा। निवास स्थान बदलने और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नित कराने के लिए भी फॉर्म-8का इस्तेमाल किया जा सकता है।

ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा

मतदाता voters.eci.gov.in पोर्टल, वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 और सक्षम एप के माध्यम से भी जरूरी आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। दावा और आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। निर्वाचन आयोग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी जानकारी जांचकर जरूरी सुधार करा लें।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें