BIHAR CRIME
बिहार में शराबबंदी के बीच बड़ा खुलासा, लग्जरी यात्री बस के गुप्त तहखाने से शराब की खेप बरामद
दिल्ली से पटना जा रही इंटरस्टेट लग्जरी बस में शराब तस्करी का खुलासा,बक्सर उत्पाद विभाग की टीम ने गंगा ब्रिज चेकपोस्ट पर की कार्रवाई;चालक और बस कर्मियों से पूछताछ जारी
बक्सर: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्करी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब यात्रियों की आड़ में लग्जरी इंटरस्टेट बसों के जरिए शराब की तस्करी किए जाने का बड़ा मामला सामने आया है। बक्सर उत्पाद विभाग की टीम ने गंगा ब्रिज चेकपोस्ट पर जांच के दौरान एक लग्जरी यात्री बस में बने गुप्त तहखानों से भारी मात्रा में शराब बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, उत्पाद विभाग की टीम ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से नेशनल हाईवे-922 के रास्ते आने वाली बस की जांच के दौरान इस तस्करी का खुलासा किया। बस में यात्रियों के बैठने की सामान्य व्यवस्था के अलावा गुप्त तहखाने बनाए गए थे, जिनमें शराब की खेप छिपाकर रखी गई थी।
गुप्त तहखानों में छिपाकर रखी गई थी शराब
जांच के दौरान बस में बने विशेष तहखानों से शराब की बरामदगी की जा रही है। कार्रवाई के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। उत्पाद विभाग की टीम बस के चालक और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है, ताकि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी मिल सके। बक्सर उत्पाद विभाग के अधिकारी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल शराब की बरामदगी की जा रही है। चालक और बस के अन्य कर्मियों से पूछताछ के बाद विस्तृत रिपोर्ट सामने आएगी।
इंटरस्टेट बसों से तस्करी का नया तरीका?
बताया जा रहा है कि पटना से दिल्ली, गुजरात, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के बीच बड़ी संख्या में लग्जरी यात्री बसों का परिचालन होता है। ऐसे में यात्री बसों की आड़ में शराब तस्करी का यह मामला उत्पाद विभाग के लिए गंभीर जांच का विषय बन गया है।
फिलहाल उत्पाद विभाग की कार्रवाई जारी है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब की इस खेप को बिहार में कहां पहुंचाया जाना था। बिहार में शराबबंदी के बावजूद लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने शराब तस्करी पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बक्सर से बबलू उपाध्याय की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।