BREAKING NEWS
बिहार में नीतीश कुमार की बढ़ी सक्रियता, अचानक JDU प्रदेश कार्यालय पहुंचे CM, कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
जेडीयू प्रदेश कार्यालय पहुंचकर नीतीश कुमार ने कार्यकर्ताओं को दी दीपावली की शुभकामनाएं, 24 नवंबर को प्रस्तावित सुशासन दिवस की तैयारियों को लेकर ऑनलाइन बैठक में भी हुए शामिल।
पटना: बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री एवं जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की सक्रियता देखने को मिल रही है। इसी क्रम में आज नीतीश कुमार जेडीयू के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
सुशासन दिवस की तैयारियों पर हुई चर्चा
प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान आगामी 24 नवंबर को प्रस्तावित सुशासन दिवस की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। नीतीश कुमार ने सुशासन दिवस की तैयारी को लेकर आयोजित ऑनलाइन बैठक में सहभागिता की और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
संजय झा और उमेश कुशवाहा समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस बैठक में जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा मौजूद रहे। इनके अलावा ललन सर्राफ, संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
सुशासन दिवस को सफल बनाने की तैयारी तेज
जेडीयू प्रदेश कार्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखने को मिली। पार्टी की ओर से 24 नवंबर को प्रस्तावित सुशासन दिवस को सफल बनाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
नीतीश कुमार का प्रदेश कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मिलना और संगठनात्मक तैयारियों में भाग लेना पार्टी के भीतर सक्रियता का संदेश दे रहा है। अब पार्टी की नजर सुशासन दिवस के आयोजन को सफल बनाने पर है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।