BIHAR CRIME
बिहार में साइबर अपराधियों का बड़ा आतंक, 9 महीने में 477 करोड़ की ठगी, पटना देश में दूसरे और नालंदा छठे स्थान पर
बिहार में 9 महीने में 477 करोड़ की साइबर ठगी, पटना देश में दूसरे नंबर पर
बिहार में साइबर अपराध की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। साइबर ठगी के ताजा आंकड़े बेहद चौंकाने वाले हैं। गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से सितंबर 2026 के बीच राज्य में साइबर अपराधियों ने 1 लाख 64 हजार 343 घटनाओं को अंजाम दिया। इस दौरान लोगों से कुल 477.22 करोड़ रुपये की ठगी की गयी। रिपोर्ट के मुताबिक, साइबर ठगी की रकम में से 142.08 करोड़ रुपये पर कार्रवाई करते हुए होल्ड लगाया गया है। इसके बावजूद बड़ी रकम अब भी साइबर अपराधियों के कब्जे में है।
पटना देश में दूसरे स्थान पर
जिला स्तर की साइबर अपराध रैंकिंग में पटना देशभर में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। जून 2026 में पटना चौथे स्थान पर था, लेकिन सितंबर की रैंकिंग में दो पायदान ऊपर आ गया। वहीं, नालंदा देश में छठे स्थान पर है। जून में नालंदा नौवें स्थान पर था। नवादा नौवें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि पहले यह सातवें नंबर पर था।
बिहार देश का इकलौता राज्य, जिसके तीन जिले टॉप-15 में
देश के 15 सर्वाधिक साइबर अपराध प्रभावित जिलों की सूची में बिहार के तीन जिले पटना, नालंदा और नवादा शामिल हैं। खास बात यह है कि इस सूची में तीन जिले शामिल होने वाला बिहार एकमात्र राज्य है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश के दो-दो जिले इस सूची में हैं।
बिहार साइबर अपराध प्रभावित राज्यों में तीसरे नंबर पर
राज्यवार रैंकिंग में भी बिहार की स्थिति चिंताजनक है। जून में बिहार चौथे स्थान पर था, जो सितंबर में तीसरे स्थान पर पहुंच गया। वहीं, पश्चिम बंगाल पहले से दूसरे और झारखंड सातवें से आठवें स्थान पर आ गया। इन आंकड़ों ने पटना, नालंदा और नवादा पुलिस के सामने साइबर अपराध पर लगाम लगाने की बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।