Live

BIHAR CRIME

बिहार में 1.09 लाख संदिग्ध म्यूल बैंक खाते चिह्नित, जल्द शुरू होगा ऑपरेशन साइबर प्रहार 5.0

D
Deepak Kumarलेखक

साइबर अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, दो महीने में 159 गिरफ्तार; 121.26 करोड़ की ठगी में 36.94 करोड़ रुपये कराए गए होल्ड
पटना: बिहार में बढ़ते साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। राज्य में जल्द ही ऑपरेशन साइबर प्रहार 5.0 शुरू किया जाएगा। इसके तहत साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले 1 लाख 9 हजार 475 संदिग्ध म्यूल बैंक खातों को चिह्नित किया गया है। इन खातों में कुल 72.53 करोड़ रुपये जमा होने की जानकारी मिली है।

शुक्रवार को पटना के सरदार पटेल भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में साइबर क्राइम एंड सिक्योरिटी यूनिट के आईजी रंजीत कुमार मिश्रा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 38 जिलों में संदिग्ध बैंक खातों की पहचान की गई है। इन खातों के जरिए साइबर ठगी के नेटवर्क पर कार्रवाई की तैयारी है।

पटना में सबसे ज्यादा संदिग्ध खाते
संदिग्ध म्यूल बैंक खातों की संख्या में पटना पहले स्थान पर है। इसके बाद गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर का स्थान है।

प्रमुख जिलों में संदिग्ध खातों की संख्या:

पटना: 14,644
गया: 6,172
मुजफ्फरपुर: 4,244
भागलपुर: 4,197
नालंदा: 4,146
पश्चिम चंपारण: 3,945
सीवान: 3,859
वैशाली: 3,441
औरंगाबाद: 3,326

आईजी के अनुसार नवादा, नालंदा और पटना में साइबर अपराध के अधिक मामले सामने आए हैं। पटना में एक अतिरिक्त साइबर थाने की स्थापना की तैयारी भी चल रही है।

दो महीने में 159 साइबर अपराधी गिरफ्तार
सितंबर और अक्टूबर में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान बिहार में 47,659 शिकायतें दर्ज हुईं। इस अवधि में 876 एफआईआर दर्ज की गईं और 159 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान राज्य में 121.26 करोड़ रुपये की साइबर ठगी हुई, जिसमें से पुलिस ने 36.94 करोड़ रुपये होल्ड कराए। वहीं, पीड़ितों को 8.04 करोड़ रुपये वापस भी दिलाए गए।

साइबर प्रहार 4.0 और 4.1 में भी हुई कार्रवाई
पिछले अभियानों के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बैंक खातों की पहचान के साथ मोबाइल सिम और सोशल मीडिया अकाउंट पर भी कार्रवाई की।
साइबर प्रहार 4.0 में 3,177 संदिग्ध खाते चिह्नित किए गए, 15 एफआईआर दर्ज हुईं और सात अपराधी गिरफ्तार किए गए।
वहीं साइबर प्रहार 4.1 में 1,226 संदिग्ध खाते चिह्नित हुए और 17 एफआईआर दर्ज कर 12 साइबर अपराधियों के साथ छह सिम कार्ड विक्रेताओं को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 385 सिम कार्ड और 442 मोबाइल हैंडसेट ब्लॉक किए गए।

इसके अलावा 2,172 आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट हटाए गए और 549 अकाउंट डिलीट किए गए।

सुधा दूध के पैकेट और बिजली बिल पर छपेगा 1930
साइबर ठगी से बचाव के लिए बिहार पुलिस जागरूकता अभियान भी चला रही है। इसके तहत सुधा दूध के पैकेट और बिजली बिलों पर साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 प्रकाशित किया जाएगा। इस पहल के जरिए प्रतिदिन करीब 20 लाख लोगों और परिवारों तक जागरूकता संदेश पहुंचाने का लक्ष्य है। स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

साइबर सुरक्षा के लिए 278 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण
आईजी ने बताया कि साइबर अपराध की जांच को बेहतर बनाने के लिए 278 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। राज्यभर में 1,955 शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

इसके अलावा साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए हैकाथॉन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 153 टीमों ने हिस्सा लिया है। इसका अंतिम परिणाम 28 नवंबर को घोषित किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन साइबर प्रहार 5.0 के जरिए साइबर अपराधियों, संदिग्ध बैंक खातों और ठगी के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किया जाएगा।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें