BIHAR POLITICS
बिहार की सियासत में BJP की बड़ी वापसी, बागी बनकर MLC चुनाव जीतने वाले राहुल राज और बंशीधर बृजवासी फिर आए पार्टी के करीब
पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद प्रदेश की राजनीति में एक नया सियासी घटनाक्रम सामने आया है। चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज करने वाले दो चर्चित चेहरों डॉ. राहुल राज और बंशीधर बृजवासी की भाजपा में वापसी ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। दोनों नेताओं की राजनीतिक पृष्ठभूमि भाजपा से जुड़ी रही है और अब चुनावी जीत के बाद उनकी घर वापसी की चर्चा सुर्खियों में है।
राहुल राज की बीजेपी में औपचारिक वापसी
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय एमएलसी निर्वाचित डॉ. राहुल राज ने भाजपा में औपचारिक वापसी कर ली है। पार्टी में लौटने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी भी मौजूद रहे। राहुल राज ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया।
दरअसल, राहुल राज भाजपा में प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारी निभा चुके थे। सारण शिक्षक सीट एनडीए के सीट बंटवारे में जदयू के खाते में जाने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया था। भाजपा ने उन्हें छह साल के लिए निष्कासित भी कर दिया था। इसके बावजूद उन्होंने एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर को 1815 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की।
निर्दलीय एमएलसी बंशीधर बृजवासी की बीजेपी में शामिल होने की चर्चा
वहीं, मुजफ्फरपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय एमएलसी निर्वाचित बंशीधर बृजवासी की भी भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। वह लगातार दूसरी बार एमएलसी बने हैं। उनके जल्द भाजपा का दामन थामने की अटकलें राजनीतिक गलियारों में तेज हैं।
दोनों नेताओं की जीत और भाजपा से दोबारा जुड़ाव को बिहार की राजनीति में पार्टी की संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, बंशीधर बृजवासी की भाजपा में औपचारिक वापसी की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।