Live

BREAKING NEWS

बिहार की सभी पंचायतों में बनेंगे विवाह मंडप, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना को लेकर सरकार का बड़ा फैसला

D
Deepak Kumarलेखक

पटना: बिहार सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत अब राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में विवाह मंडप का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए पंचायत स्तर पर चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा करने की योजना तैयार की गई है। सरकार का लक्ष्य वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2029-30 तक यानी पांच वर्षों में इस योजना को पूरा करना है।

सभी जिलाधिकारियों को जारी हुआ निर्देश
इस योजना को लेकर पंचायती राज विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वहीं, सभी उप विकास आयुक्तों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसकी नियमित निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग की ओर से विवाह मंडप निर्माण का नक्शा और प्राक्कलन भी सभी जिलों को उपलब्ध करा दिया गया है, ताकि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी न हो।

कई योजनाओं की राशि से होगा निर्माण
विवाह मंडप निर्माण के लिए अलग-अलग वित्तीय स्रोतों से राशि का अभिसरण किया जाएगा। इसके तहत राज्य वित्त आयोग और विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत समुदाय के लिए विवाह भवन निर्माण मद का उपयोग किया जाएगा। निर्धारित वित्तीय सीमा के अंदर निर्माण की लागत का आकलन कर ग्रामीण विकास विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया है। साथ ही विवाह मंडप निर्माण को वार्षिक कार्ययोजना में शामिल कर जल्द काम शुरू करने की तैयारी है।

विकसित ग्राम पंचायत योजना में भी मिलेगी प्राथमिकता
सरकार ने विकसित ग्राम पंचायत योजना के तहत भी विवाह मंडप निर्माण को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

शादी-विवाह के साथ सामाजिक कार्यक्रमों में भी होगा उपयोग
इन विवाह मंडपों का इस्तेमाल सिर्फ शादी-विवाह तक सीमित नहीं रहेगा। ग्रामीण परिवार इनका उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए भी कर सकेंगे।इससे गांव के लोगों को विवाह समारोह आयोजित करने के लिए दूर शहरों या निजी मैरिज हॉल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। पंचायत स्तर पर ही उन्हें एक सामुदायिक भवन की सुविधा मिल सकेगी।

पांच वर्षों में सभी पंचायतों तक पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत अगले पांच वर्षों में बिहार की सभी ग्राम पंचायतों में विवाह मंडप निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। अब जिलों में निर्माण की कार्ययोजना तैयार कर इसे धरातल पर उतारने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक भवनों की उपलब्धता बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

पटना सेसंजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें