BREAKING NEWS
बिहार के स्वास्थ्य विभाग में 11 हजार से अधिक पदों पर होगी बहाली, नवंबर के अंतिम सप्ताह में आएगा विज्ञापन
स्टाफ नर्स,लैब टेक्नीशियन,ब्लॉक हेल्थ मैनेजर समेत कई पदों पर होगी नियुक्ति; 6से 7महीने में पूरी होगी चयन प्रक्रिया
पटना: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग में 11 हजार से अधिक पदों पर बंपर बहाली की तैयारी की जा रही है। इन पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक नवल किशोर चौधरी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन नवंबर के अंतिम सप्ताह तक जारी किए जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बहाली से संबंधित लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही भर्ती कैलेंडर भी जारी किया जाएगा। फिलहाल राज्य के सभी 38 जिलों से जिला स्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अनुमंडलीय अस्पतालों में रिक्त पदों का अद्यतन ब्यौरा मांगा जा रहा है।
स्टाफ नर्स से लेकर लैब टेक्नीशियन तक के पदों पर होगी नियुक्ति
कार्यपालक निदेशक के अनुसार, पहले चरण में 11 हजार से अधिक प्रशासनिक, तकनीकी और चिकित्सा सहायक श्रेणी के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से निम्न पद शामिल हैं:
स्टाफ नर्स
लैब टेक्नीशियन
ब्लॉक हेल्थ मैनेजर (BHM)
नॉन-मेडिकल एजुकेटर (NME)
प्रबंधकीय श्रेणी के पद
लिपिकीय संवर्ग के पद
उन्होंने बताया कि पहले चरण की भर्ती के बाद दूसरे चरण में स्वास्थ्य विभाग के अन्य रिक्त पदों पर भी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
38जिलों से मांगी जा रही रिक्त पदों की जानकारी
भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए राज्य के सभी 38 जिलों से स्वास्थ्य संस्थानों में खाली पदों का विस्तृत विवरण जुटाया जा रहा है। इसमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अनुमंडलीय अस्पताल और जिला स्तरीय स्वास्थ्य संस्थान शामिल हैं। इसका उद्देश्य विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार नियुक्तियां सुनिश्चित करना है।
स्वास्थ्य सेवाओं में होगा सुधार,मरीजों को मिलेगी राहत
नवल किशोर चौधरी के अनुसार, 11 हजार से अधिक पदों पर बहाली पूरी होने के बाद बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा। प्रखंड और पंचायत स्तर पर चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को सहयोग देने के लिए समर्पित टीम उपलब्ध होगी। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, जिला और अनुमंडलीय अस्पतालों में मरीजों की संख्या के अनुपात में स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे मौजूदा कर्मचारियों पर काम का दबाव कम होगा। पर्याप्त संख्या में नर्स और लैब टेक्नीशियन उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा ब्लॉक हेल्थ मैनेजरों और लिपिकीय कर्मचारियों की नियुक्ति से सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आने की उम्मीद है।
6से 7महीने में पूरी होगी भर्ती प्रक्रिया
कार्यपालक निदेशक नवल किशोर चौधरी ने बताया कि भर्ती कैलेंडर लगभग तैयार है। स्वीकृति मिलने के बाद इसे सार्वजनिक कर दिया जाएगा। विभाग का लक्ष्य विज्ञापन जारी होने के बाद अगले 6 से 7 महीनों के भीतर चयन प्रक्रिया, दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति पत्र वितरण की पूरी प्रक्रिया संपन्न करना है। उन्होंने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरी करने की तैयारी की जा रही है। इस बहाली से बिहार के हजारों युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलने की उम्मीद है। अब अभ्यर्थियों की नजर नवंबर के अंतिम सप्ताह में जारी होने वाले आधिकारिक विज्ञापन और भर्ती कैलेंडर पर टिकी है।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।