BIHAR NEWS
बिहार के सरस्वती विद्या निकेतन के विद्यार्थियों को मिलेगा ध्यान का प्रशिक्षण, मुफ्त में सिखाई जाएगी विपश्यना और आनापान विधि
मानसिक एकाग्रता,आत्मानुशासन और व्यक्तित्व विकास पर रहेगा जोर;शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने सभी DEO को जारी किए दिशा-निर्देश
पटना: बिहार के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के मानसिक और भावनात्मक विकास को लेकर शिक्षा विभाग ने एक नई पहल की है। राज्य के सभी सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के छात्र-छात्राओं को अब मानसिक एकाग्रता, आत्मानुशासन और भावनात्मक संतुलन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थियों के बीच निःशुल्क विपश्यना और आनापान ध्यान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन धम्म केंद्र के माध्यम से किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन कुमार सिंह ने मंगलवार को इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ उनकी एकाग्रता और व्यक्तित्व को बेहतर बनाना है।
विद्यार्थियों को मुफ्त में मिलेगा ध्यान का प्रशिक्षण
इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि इसमें शामिल होने वाले विद्यार्थियों से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। संबंधित धम्म केंद्र प्रशिक्षण की अवधि, तारीख, स्थान, आयु वर्ग और अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा बच्चों के सुरक्षित आवागमन और परिवहन खर्च की जिम्मेदारी भी संबंधित धम्म केंद्र की होगी। इसके लिए संस्थान को लिखित प्रतिबद्धता देनी होगी। कार्यक्रम से जुड़े दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की समीक्षा संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी करेंगे। सभी जरूरी व्यवस्थाओं से संतुष्ट होने के बाद ही कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति दी जाएगी।
अभिभावकों की सहमति जरूरी, भागीदारी पूरी तरह स्वैच्छिक
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों की भागीदारी पूरी तरह स्वैच्छिक होगी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक इच्छुक और पात्र छात्र-छात्राओं की सूची तैयार करेंगे। किसी भी विद्यार्थी को शामिल करने से पहले उसके अभिभावक की लिखित सहमति लेना अनिवार्य होगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो विद्यार्थी इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगे, उनके साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा।
बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी धम्म केंद्र की
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। बच्चों की निगरानी, प्राथमिक चिकित्सा, सुरक्षित आवागमन और घर वापसी की समुचित व्यवस्था करनी होगी।इसके साथ ही शिक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि कार्यक्रम के आयोजन का आर्थिक बोझ न तो विद्यालय पर डाला जाएगा और न ही अभिभावकों से कोई राशि ली जाएगी। कार्यक्रम से संबंधित सभी वित्तीय जिम्मेदारियां धम्म केंद्र की होंगी।
कार्यक्रम के बाद विभाग को भेजनी होगी रिपोर्ट
कार्यक्रम संपन्न होने के बाद संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी पूरी प्रक्रिया की रिपोर्ट तैयार कर शिक्षा विभाग को भेजेंगे। कुल मिलाकर बिहार शिक्षा विभाग की इस पहल का उद्देश्य पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच, आत्मनियंत्रण और व्यक्तित्व विकास को भी बढ़ावा देना है। अब देखना होगा कि राज्य के सरस्वती विद्या निकेतन में यह पहल किस तरह जमीन पर उतरती है और विद्यार्थियों को इसका कितना लाभ मिलता है।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।