BREAKING NEWS
बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत का बड़ा निर्देश, 12 नवंबर तक सड़कों-पुलों का संयुक्त निरीक्षण पूरा करने का आदेश
38 जिलों के डीएम के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, नशा मुक्त बिहार अभियान27 अक्टूबर से; छठ महापर्व और राष्ट्रीय एकता दिवस की तैयारियों की भी हुई समीक्षा
पटना: बिहार में विकास योजनाओं को गति देने, बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने और आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सोमवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव मौजूद रहे, जबकि सभी38 जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया।
12 नवंबर तक सड़कों और पुलों का निरीक्षण पूरा करने का निर्देश
बैठक में पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने राज्य की सड़कों और पुलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा उनके रखरखाव के लिए संयुक्त निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सभी कार्यपालक अभियंताओं को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिलाधिकारियों को प्रत्येक डिवीजन के लिए एक अधिकारी नामित करने और14 कार्य दिवसों के भीतर, यानी12 नवंबर2026 तक, संयुक्त निरीक्षण पूरा कर रिपोर्ट पीएमआईएस पोर्टल पर अपलोड कराने को कहा गया है।
दीवाली के बाद घर लौटने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़कों की मरम्मत, साइन बोर्ड दुरुस्त करने और'कायाकल्प अभियान' के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। खराब सड़कों के निरीक्षण में वीडियो कैमरों के इस्तेमाल और स्ट्रीट लाइटों को पूरी तरह चालू रखने पर भी जोर दिया गया।
नौ जिलों में पीएनजी-सीएनजी नेटवर्क के विस्तार पर जोर
बैठक में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार की भी समीक्षा की गई। पटना, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सारण और गया समेत प्रमुख जिलों में घरेलू पीएनजी कनेक्शन और सीएनजी बिक्री की प्रगति का जायजा लिया गया।
मुख्य सचिव ने उन नौ जिलों में प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया, जहां गैस नेटवर्क के विस्तार के लिए भूमि आवंटन और पाइपलाइन बिछाने की अनुमति लंबित है। इसके अलावा, प्रीपेड और स्मार्ट मीटर लगाने में आ रही व्यावहारिक समस्याओं तथा कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
27 अक्टूबर से शुरू होगा'नशा मुक्त बिहार अभियान'
बिहार में27 अक्टूबर से26 नवंबर2026 तक राज्यव्यापी'नशा मुक्त बिहार अभियान' चलाया जाएगा। अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। इसमें सभी जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छात्रों और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जुड़ेंगे तथा नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।
एक महीने तक चलने वाले इस अभियान को चार थीम आधारित सप्ताहों में बांटा गया है। इनमें'नगर की प्रतिज्ञा', 'गांव का संकल्प', 'पर्व और परिवार' तथा'युवा जोश' शामिल हैं। छठ घाटों पर भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने की योजना है।
सोशल मीडिया पर बढ़ेगी सरकारी योजनाओं की पहुंच
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने पंचायत स्तर तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का प्रभावी इस्तेमाल करने का निर्देश दिया।
इसके तहत पंचायत स्तर पर पदनाम आधारित इंस्टाग्राम और एक्स अकाउंट बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों पर क्यूआर कोड के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।'सीएम फेलो' और जिला जनसंपर्क पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को भी कहा गया।
बैठक में भ्रामक और अभद्र भाषा वाले वीडियो के मामलों में कानून के अनुरूप कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी जिलों में जिला प्रेस क्लब भवनों को लीज डीड के माध्यम से अधिकृत पदाधिकारियों को सौंपकर जल्द क्रियाशील बनाने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के लिए1,100प्रतिभागी जाएंगे गुजरात
31 अक्टूबर2026 को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में बिहार के22 जिलों से कुल1,100 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। प्रतिभागियों को28 अक्टूबर को पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन से विशेष आरक्षित ट्रेन के जरिए रवाना किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को प्रतिभागियों की सुरक्षा, पहचान-पत्र, भोजन और परिवहन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
छठ महापर्व की तैयारियां तत्काल शुरू करने का आदेश
बैठक के अंत में आगामी छठ महापर्व की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को'जय छठी मैया' अभियान के तहत घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, घाटों के सुदृढ़ीकरण और व्यापक प्रचार-प्रसार की तैयारियां तुरंत शुरू करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों और जिलाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।