BIHAR POLITICS
भाजपा की बैठक में बोर्ड, निगम और आयोग के पदाधिकारियों को मिला मार्गदर्शन, जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में हुई बैठक,संगठन के आगामी अभियानों और कार्यक्रमों की रणनीति पर हुआ मंथन
पटना: बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में विभिन्न बोर्ड, निगम एवं आयोग के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रदेश प्रभारी हरीश द्विवेदी और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों, अभियानों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि संगठन से जुड़े सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी तरीके से निर्वहन करें। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में बोर्ड, निगम एवं आयोग की भूमिका महत्वपूर्ण है।
संगठनात्मक अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
बैठक में संगठन के आगामी अभियानों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाने, आपसी समन्वय बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया गया।
सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने की रणनीति
बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा हुई कि विभिन्न बोर्ड, निगम एवं आयोग के पदाधिकारी अपने दायित्वों के माध्यम से सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाएं। पार्टी नेतृत्व ने योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा बिहार के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, भागलपुर, कोसी एवं पूर्णिया क्षेत्र के संगठक अनंत नारायण मिश्रा सहित विभिन्न बोर्ड, निगम एवं आयोग के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य उपस्थित रहे। बैठक को बिहार में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार, सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।