Live

BIHAR BREAKING

बेटी की शादी में जुटेंगे नामी घोड़े, 10 बीघा में बन रहा पंडाल; SC ने दिया 1 दिसंबर तक सरेंडर का आदेश

D
Deepak Kumarलेखक

25नवंबर को शिवांगी सिंह की शादी, 20नवंबर को तिलक-फलदान और छोटे बेटे का होगा उपनयन संस्कार;अमेरिका में पढ़ाई कर चुके ऋषिकेश कुमार के साथ होगी शादी
बाढ़/मोकामा: बिहार के बाहुबली विधायक अनंत कुमार सिंह के घर इन दिनों शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मोकामा विधायक अनंत सिंह की दूसरी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को होनी है। इसको लेकर उनके पैतृक गांव नदावां में भव्य आयोजन की तैयारी की जा रही है। शादी समारोह को यादगार बनाने के लिए करीब 10 बीघा जमीन में पंडाल और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। खास बात यह है कि शादी समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित किए जाने की चर्चा है, जिसमें नामी घोड़ों के शामिल होने की संभावना है।

वहीं, दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को 1 दिसंबर 2026 तक सरेंडर करने का आदेश दिया है। ऐसे में बेटी की शादी और सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लेकर अनंत सिंह का परिवार चर्चा में है।

10बीघा जमीन में हो रही शादी की भव्य तैयारी
अनंत सिंह के पैतृक गांव नदावां में शादी समारोह को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां चल रही हैं। गांव में टेंट और पंडाल लगाने का काम शुरू हो चुका है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से टेंट-पंडाल का सामान और मजदूर बुलाए गए हैं। शादी में आने वाले मेहमानों के लिए बड़े मैदान में भोजन की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, सजावट को खास बनाने के लिए विदेशों से आकर्षक फूल मंगाने का ऑर्डर दिए जाने की जानकारी सामने आई है। शादी समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहने वाली है। इसके लिए अलग से बड़े मैदान को समतल कर तैयार किया जा रहा है।

कौन हैं अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार?
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी पटना जिले के बिहटा अंतर्गत कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुई है। ऋषिकेश कुमार कमांडेंट रणविजय सिंह के पुत्र हैं। जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश पिछले11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं। उन्होंने जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी, अटलांटा से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है।

20नवंबर को तिलक, 25नवंबर को शादी और जनेऊ संस्कार
परिवार में शादी से जुड़े कार्यक्रमों का सिलसिला 20 नवंबर से शुरू होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार:

20 नवंबर 2026: शिवांगी सिंह का तिलक-फलदान।
25 नवंबर 2026: शिवांगी सिंह की शादी।
25 नवंबर 2026: अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव का उपनयन संस्कार (जनेऊ)।

बता दें कि विधायक अनंत सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी के दो बेटियां और तीन बेटे हैं। बड़ी बेटी राजनंदनी सिंह की शादी लखीसराय जिले के प्रतापपुर निवासी कुमार पुनीत से हुई है, जो केंद्रीय सेवा में अधिकारी हैं।

ग्रामीणों में भी शादी को लेकर उत्साह
गांव में शादी की तैयारियों को लेकर स्थानीय लोग भी जुटे हुए हैं। ग्रामीण बंटी सिंह के अनुसार, इस शादी में बिहार ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यह शादी पूरे बिहार में चर्चा का विषय बनेगी।

सुप्रीम कोर्ट का आदेश, 1दिसंबर तक करना होगा सरेंडर
बेटी की शादी की तैयारियों के बीच अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट से जुड़ा महत्वपूर्ण आदेश मिला है। अदालत ने उन्हें बेटी की शादी के मद्देनजर 1 दिसंबर 2026 तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है। इस आदेश के बाद शादी समारोह के तुरंत बाद अनंत सिंह को सरेंडर करना होगा।

क्या है दुलारचंद यादव हत्याकांड?
दरअसल, 30 अक्टूबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान मोकामा विधानसभा क्षेत्र के तारतर गांव के पास अनंत सिंह और जनसुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के काफिले आमने-सामने आ गए थे। गाड़ी निकालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और झड़प हुई थी। इस दौरान कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और दुलारचंद यादव को गोली लगने के बाद उनकी मौत हो गई थी। इस घटना ने बिहार की राजनीति में काफी हलचल मचा दी थी। मामले में 1 नवंबर 2025 को अनंत सिंह को गिरफ्तार कर बेउर जेल भेजा गया था।

राजनीतिक मोर्चे पर भी मुश्किलों में अनंत सिंह
दूसरी ओर, राजनीतिक घटनाक्रम ने भी अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ाई हैं। एमएलसी चुनाव में जनसुराज समर्थित प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन करने और जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध करने के बाद जदयू ने उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाया। इसके बाद पार्टी से निष्कासन और विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा का मामला भी सामने आया। पटना स्थित सरकारी आवास खाली करने का नोटिस दिए जाने की बात भी सामने आई है। फिलहाल अनंत सिंह पटना में रह रहे हैं और उनके पैतृक गांव नदावां में बेटी की शादी की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। अब सबकी नजर 25 नवंबर के भव्य शादी समारोह और उसके बाद 1 दिसंबर को होने वाले सरेंडर पर टिकी है।

बाढ़ से अजय मिश्रा की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें