BREAKING NEWS
बेंगलुरु टेक समिट में बिहार के छह स्टार्टअप्स का जलवा, AI, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक से दिखाई ताकत
पटना: बिहार के स्टार्टअप्स राष्ट्रीय स्तर पर अपनी तकनीकी क्षमता और नवाचार का प्रदर्शन कर रहे हैं। बेंगलुरु में 17 से 19 नवंबर तक आयोजित बेंगलुरु टेक समिट 2026 में बिहार के छह उभरते स्टार्टअप अपनी तकनीक और आधुनिक समाधानों का प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्योग विभाग, बिहार सरकार की पहल ‘स्टार्टअप बिहार’ के तहत राज्य के उद्यमियों को निवेशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग जगत से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
उद्योग विभाग के सचिव ने किया बिहार पवेलियन का उद्घाटन
मंगलवार को बेंगलुरु इंटरनेशनल एग्जिबिशन सेंटर के हॉल-3 में बिहार पवेलियन का उद्घाटन उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने किया। इस मौके पर उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। इस वर्ष समिट की थीम ‘AI & Beyond’ रखी गई है।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार के स्टार्टअप्स दूसरे राज्यों में भी अपना कारोबार बढ़ा रहे हैं और रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं। यह बिहार स्टार्टअप नीति 2022 के तहत विकसित इकोसिस्टम का परिणाम है। सरकार उद्यमियों को वित्तीय सहायता, इन्क्यूबेशन और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है।
शिक्षा तकनीक से जुड़े समाधान शामिल
समिट में रोबोमंथन, हाइप्रोटेक इंडिया टेक्नोलॉजी, स्काउटएज, एट्रोबोट ड्रोन्स, एयरस्पेस ग्लोब और वायगॉट AI अपने नवाचार प्रदर्शित कर रहे हैं। इनमें ह्यूमनॉइड रोबोट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन सर्वेक्षण, खेल विश्लेषण और शिक्षा तकनीक से जुड़े समाधान शामिल हैं।
उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता ने स्टार्टअप संस्थापकों से बातचीत कर उनके व्यावसायिक मॉडल और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।
बिहार पवेलियन के माध्यम से राज्य में निवेश की संभावनाओं, तकनीकी उद्यमिता और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इस आयोजन में बिहार की भागीदारी राज्य के उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।