BREAKING NEWS
बागेश्वर बाबा से मुलाकात पर विपक्ष को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का करारा जवाब, कहा- सनातन की बात पर कुछ लोग करने लगते हैं सवाल
बागेश्वर बाबा के समर्थन में उतरे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी,पप्पू यादव और राहुल गांधी पर कसा तंज;तेजस्वी को दी खुली चुनौती
पटना: बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उर्फ बागेश्वर बाबा से मुलाकात को लेकर विपक्ष के हमलों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब-जब सनातन धर्म की बात होती है, तब-तब कुछ लोग सवाल खड़े करने लगते हैं। बागेश्वर बाबा से मुलाकात करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
13से 16दिसंबर तक बक्सर में होगा बाबा का कार्यक्रम
मिथिलेश तिवारी ने बताया कि मुलाकात के दौरान बागेश्वर बाबा ने उन्हें जानकारी दी कि वे 13 दिसंबर से 16 दिसंबर तक बक्सर में रहेंगे। इस दौरान तीन दिनों तक कथा का आयोजन होगा, जबकि चौथे दिन दिव्य दरबार लगाया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बाबा के बिहार आगमन से लेकर कार्यक्रम की तैयारियों तक की जिम्मेदारी वह स्वयं निभाएंगे। उनका कहना है कि बाबा के आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां की जाएंगी।
पप्पू यादव और राहुल गांधी पर साधा निशाना
भगवान श्रीकृष्ण को लेकर बागेश्वर बाबा की कथित टिप्पणी पर सांसद पप्पू यादव की प्रतिक्रिया को लेकर भी मिथिलेश तिवारी ने निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश में दो पप्पू हैं, एक बिहार में और दूसरे राहुल गांधी। उन्होंने कहा कि इन लोगों को कथा सुननी चाहिए, ताकि भगवान श्रीराम के चरित्र और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को समझ सकें।
प्रधानमंत्री के बिहार दौरे पर तेजस्वी को घेरा
वहीं, 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी शिक्षा मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को घेरा। मिथिलेश तिवारी ने राघोपुर में पुल निर्माण का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि क्या तेजस्वी यादव बताएंगे कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने राघोपुर में पुल बनवाया था? उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि तेजस्वी यादव यह बात स्वीकार कर लें तो वह प्रधानमंत्री से कार्यक्रम रद्द करने का आग्रह करेंगे।
इस दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "पुल मोदी जी बनाएंगे और फीता लालू जी काटेंगे।"
दूसरी ओर, तेजस्वी यादव प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर पहले ही सवाल उठा चुके हैं। उनका कहना है कि जिस पुल का उद्घाटन प्रधानमंत्री करने आ रहे हैं, उसके निर्माण की पहल उनके उपमुख्यमंत्री और पथ निर्माण मंत्री रहते हुई थी।
बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज
बागेश्वर बाबा के प्रस्तावित बक्सर दौरे, भगवान श्रीकृष्ण पर की गई कथित टिप्पणी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के ताजा बयानों ने इन मुद्दों पर राजनीतिक बहस को और हवा दे दी है।
पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।