BIHAR POLITICS
आनंद मोहन की रिहाई रद्द करने के SC के फैसले पर भड़कीं लवली आनंद, बोलीं- हर बार आनंद मोहन को ही बनाया जाता है निशाना
लवली आनंद ने कहा- परिवार को आज तक नहीं मिला न्याय, फैसले के खिलाफ दिल्ली में वकीलों से लेंगी कानूनी राय; समर्थकों के आंदोलन की भी दी चेतावनी
पटना:बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द करने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर उनकी पत्नी और शिवहर से जेडीयू सांसद लवली आनंद ने नाराजगी जताई है। उन्होंने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर हर बार आनंद मोहन को ही निशाना क्यों बनाया जाता है? उनके मुताबिक, बिहार में कई अन्य लोगों को भी इसी नियम के तहत रिहाई का लाभ मिला है, लेकिन कार्रवाई के केंद्र में केवल आनंद मोहन को रखा जा रहा है।
लवली आनंद ने दावा किया कि गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड में आनंद मोहन का कोई हाथ नहीं था। उन्होंने कहा कि उनके परिवार को आज तक न्याय नहीं मिला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिहार में 36 लोगों को रिहाई का लाभ मिला, तो केवल आनंद मोहन को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार आनंद मोहन को बलि का बकरा बनाया जाता है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बताया निंदनीय
लवली आनंद ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को निंदनीय बताते हुए इसका विरोध करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस मामले में दिल्ली जाकर वकीलों से कानूनी राय ली जाएगी। उन्होंने अदालत के फैसले को विधायिका के अधिकारों को चुनौती देने जैसा बताया।
समर्थकों के सड़क पर उतरने की चेतावनी
लवली आनंद ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो इस फैसले के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आनंद मोहन के समर्थक चुप नहीं बैठेंगे और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनके बच्चे पिता के बिना बड़े हुए हैं और परिवार ने लंबे समय तक संघर्ष किया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 26 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने 1994 के गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में आनंद मोहन को मिली समयपूर्व रिहाई रद्द कर दी थी। अदालत ने बिहार सरकार के 2023 के जेल नियमावली संशोधन को असंवैधानिक ठहराते हुए आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में आनंद मोहन की रिहाई का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
पटना से अंकित कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।