NEWS DESK :बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव अब जन विश्वास यात्रा के बाद नये तेवर और कलेवर के साथ रोड शो के जरिए जनता के बीच में हैं। तेजस्वी ने जन विश्वास यात्रा के बाद अब दूसरे चरण में रोड शो की शुरुआत की है और जनता से सीधे कनेक्ट हो रहे हैं।
..जब कशिश न्यूज़ के रिपोर्टर बने तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने रविवार को इसकी शुरुआत हाजीपुर से की है। वे अपने बड़े भाई तेजप्रताप के साथ हाजीपुर से सुपौल तक रोड शो कर रहे हैं। इस दौरान आरजेडी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ समर्थकों का जबरदस्त जमावड़ा देखने को मिल रहा है। इस रोड शो के दौरान तेजस्वी यादव का अलहदा अंदाज भी देखने को मिला।
रोड शो के दौरान दिखा अलहदा अंदाज
रोड शो के दौरान तेजस्वी यादव का अलग ही रंग देखने को मिला, जब वे खुद रिपोर्टर बन गये और कशिश न्यूज़ पर ही यात्रा की रिपोर्टिंग शुरू कर दी। पूर्व डिप्टी सीएम ने कशिश न्यूज़ के रिपोर्टर अमित कुमार सिंह के हाथों से माइक अपने हाथों में ले ली और पूरे यात्रा के बारे में विस्तार से बताने लगे। तेजस्वी यादव के इस अंदाज को देखकर उनके समर्थक और कार्यकर्ता भी हैरान रह गये। तेजस्वी यादव ने भोजपुरी में कहा कि भीड़ 'हुमच' के आइल बा...
करने लगे लाइव कमेंट्री
कशिश न्यूज़ का माइक हाथों में लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि इतना जनसमर्थन किसी भी दल को मिलता होगा। सड़क के दोनों तरफ देखें...जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। इस दौरान तेजस्वी यादव लाइव कमेंट्री करते हुए दिखे। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि ये भाड़े पर लायी गयी भीड़ नहीं है। हुमच कर पूरा बिहार ही इस रोड शो के दौरान उमड़ पड़ा है।
तेजस्वी यादव का ये है प्लान
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव का रोड शो 25 फरवरी से लेकर 28 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान वे 1400 किमी का रोड शो करेंगे। दूसरे चरण में आमसभा नहीं होकर सिर्फ रोड शो होगा। ये यात्रा हाजीपुर से शुरू होकर कल्याणपुर, लहेरियासराय, मधुबनी, झंझारपुर होते हुए सुपौल पहुंचेगी, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।
इसके बाद 26 फरवरी को सुपौल से त्रिवेणीगंज, अररिया, जोकीहाट, किशनगंज, नवगछिया और भागलपुर होते हुए बांका तक जाएंगे। बांका में वे रात्रि विश्राम करेंगे। फिर 27 फरवरी को बांका, अमरपुर, असरगंज, जमुई, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया, महेशखूंट, सोनबरसा होते हुए मधेपुरा तक जाएंगे। मधेपुरा में रात्रि विश्राम करेंगे।
इसके बाद 28 फरवरी को मधेपुरा, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, सोनबरसा, मानसी, साहेबपुर कमाल, बलिया, बेगूसराय, बरौनी, मोकामा, बाढ़, बख्तियारपुर और फतुहा होते हुए पटना वापसी होगी।

