आज नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर नीतीश कुमार पर हमला बोला है। तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा है की ' ऐसा है आदरणीय नीतीश जी,एक कॉपी और कलम पास रख मुझे बुलाइए, मैं बताऊँगा कि बिहार के युवाओं को कब, कितना, कैसे, क्यों और कहाँ नौकरी व रोजगार देना है ? बिहार में कैसे IT पार्क और उद्योग-धंधे लगाने है ? कैसे Cluster-based Industrial development करना है ? कैसे पलायन रोकना है ? बिहार को अब आपकी संकीर्ण, रूढ़िवादी और कालग्रस्त सोच नहीं चाहिए।'

तेजस्वी यादव के द्वारा मुख्यमंत्री से पिछले 15 सालों में बिहार मे हुए कार्यों का हिसाब पूछने पर जद यू के प्रदेश सचिव रंजीत कुमार झा ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि सेटेलाईट नेता बन चुके नेता प्रतिपक्ष को बिहार में हुए विकास देखने के लिए दिल्ली छोड़ कर बिहार में रहना होगा।
रंजीत झा ने कहा कि सेटेलाईट नेता अगर यह सवाल स्वयं से पूछते रहेंगे तो जवाब कभी नहीं मिलेगा बल्कि उनको यह सवाल बिहार की जनता से पूछने की आवश्यकता है। यहाँ लगातार बढ रहे सैलानियों से पूछने की आवश्यकता है ! बिहार में उनके माता-पिता के शासनकाल में और आज के समय में खेती करने मे आये हुए अंतर के बारे में किसानों से पूछने की आवश्यकता है ।
उन्होंने कहा कि यह सवाल उनके माता-पिता के राज में लालटेन युग में जी रहे शहर और गाँव के उन लोगों से पूछने की आवश्यकता है जो आज हमारे नेता की परिकल्पना वाले विकसित बिहार के बिजली से रौशन गाँवों में सुविधा से रह रहे हैं ।
साथ ही रंजीत झा ने यह भी कहा कि सेटेलाईट नेता को इसका जवाब उन लोगों से भी मिलेगा जो उनके माता-पिता के जंगल राज में राजधानी पटना से 50-100 किमी की यात्रा 4-5 घंटे में भय के साथ करते थे और आज पटना से राज्य के आखिरी छोड़ तक की दूरी चंद घंटों में भयमुक्त होकर करते हैं !
सेटेलाईट नेता को अगर सच में यह समझना है कि पिछले 15 सालों में बिहार में क्या कार्य हुए तो इसके लिए उनको देश की राजधानी दिल्ली को छोड़ बिहार के जिलों, प्रखंडों एवं गाँवों में घूमना चाहिए उनको खुद-ब-खुद इसका जवाब मिल जायेगा ।

