NAWADA : नवादा में नवरात्रि पर बर्णवाल महिला सेवा समिति की महिलाओं ने देवी मां की विदाई से पहले पारंपरिक तरीके से सिंदूर खेला का आयोजन किया। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के गाल और माथे पर सिंदूर लगाकर त्योहार की बधाई दी।

बर्णवाल महिला सेवा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने मां दुर्गा की विदाई से पहले सिंदूर अर्पित किया। इसके बाद उन्होंने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर मंगलगीत गाए और मां दुर्गा से सदा सुहागन रहने का आशीर्वाद मांगा।

बर्णवाल महिला सेवा समिति के अध्यक्ष माधुरी बर्णवाल ने बताया कि विजय दशमी के दिन देवी को विदा करने से पहले महिलाओं की सिंदूर खेलने की परंपरा है। इस मौके पर महिलाएं एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर परम सौभाग्य की कामना करती हैं। उन्होंने बताया कि विजयदशमी पर गाल से गाल लगाकर एक-दूसरे को महिलाएं रंग लगाती हैं। बर्णवाल महिला सेवा समिति के सचिव रेखा रानी ने बताया कि सिंदूर खेला सुहागिनों के लिए एक बड़ी परंपरा है, इसे निभाना भी जरूरी है।



