शराब तस्करों के होली का प्लान फेल : सहरसा पुलिस ने किया ट्रक से भारी मात्रा में शराब बरामद

Edited By:  |
sharav taskaron ke holi ka plan fail sharav taskaron ke holi ka plan fail

सहरसा: बिहार के सहरसा में पुलिस ने नशा माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. होली पर्व में खपाने के लिए लाई जा रही एक ट्रक विदेशी शराब की बड़ी खेप सिमरी बख्तियारपुर पुलिस ने बरामद किया है. जब्त शराब की कीमत लगभग 50 लाख रुपए बताई जा रही है.

बताया जा रहा है कि कोसी रेंज के डीआईजी के निर्देश पर सहरसा एसपी के नेतृत्व में जिले में नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है. नशा एवं नशीले पदार्थों के परिवहन,विक्रय और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में बीते 22 फरवरी को गुप्त सूचना के आधार पर देर रात सिमरी बख्तियारपुर पुलिस ने चकभारो गर्ल्स हाई स्कूल के पास खड़े हाइवा ट्रक को तलाशी लेने के क्रम में ट्रक के ऊपर गिट्टी और अंदर शराब छिपाकर रखी गई थी जिसे जब्त कर लिया गया. छापेमारी के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर मौके पर मौजूद लगभग 8 से 10 तस्कर फरार हो गए. पुलिस ने मौके से तस्करी के लिए लाए गए बोलेरो पिकअप वाहन को भी जब्त किया है. दोनों वाहनों से पुलिस ने 432 कार्टन विदेशी शराब बरामद किया गया है. इसकी मात्रा 3801.95 लीटर बताई जा रही है. बरामद विदेशी शराब में रॉयल चैलेंज,रॉयल स्टैग,ब्लेंडर्स प्राइड,रॉयल स्टैग प्रीमियम विस्की,ब्लेंडर प्राइड,जैसे नामचीन और महंगी शराब शामिल है जो हरियाणा और झारखंड निर्मित है. जब्त शराब की कीमत लगभग 50लाख रुपए बताई जा रही है. इस मामले में वाहन मालिक सहित अन्य 10 व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में पुलिस जुट गई है.

सहरसा से मो0 शौकत अली की रिपोर्ट--