GAYA :चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए पूरे देश मे प्रार्थना और दुआओं का दौर जारी है. इसी क्रम में बिहार के गया में स्कूली बच्चों ने चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग को लेकर प्रेयर की। गया के हंसराज पब्लिक स्कूल में आज विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां स्कूली छात्रों द्वारा चंद्रयान से संबंधित पोस्टर बनाए गये. साथ ही स्कूल कैंपस में बच्चों ने संगीत की धुन पर 'सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा' गीत गाए.

भारत के लिए गौरव का दिन
इस मौके पर स्कूल की छात्रा स्वाति ने कहा कि आज हमारे लिए गौरव का दिन है. चंद्रयान-3 अंतरिक्ष में पहुंच चुका है. चंद्रमा पर उसकी सॉफ्ट लैंडिंग हो, इसके लिए हमलोग देशभक्ति गीत गाकर प्रार्थना कर रहे हैं. इतना ही नहीं अन्य छात्र-छात्राओं द्वारा चंद्रयान से संबंधित बहुत ही अच्छी तस्वीर भी बनाई गई है.
बच्चों ने पेंटिंग के जरिए बढ़ाया उत्साह
वहीं, स्कूल की प्राचार्या सुरभि रुखैयार ने कहा कि चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग को लेकर बच्चों द्वारा कई तरह की पेंटिंग बनाई गई है. साथ ही बच्चों ने विशेष प्रार्थना भी की है. आज का दिन भारतीय इतिहास के लिए बहुत बड़ा दिन है. वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत के बाद चंद्रयान-3 की थोड़ी देर बाद लैंडिंग होगी. इसकी सफलता के लिए हमलोगों ने विशेष प्रार्थना की है. इसके लिए हम इसरो के वैज्ञानिकों के साथ-साथ देशवासियों को भी बधाई देते हैं.

