Hindi News / मध्य विद्यालय नंदपुर की जर्जर छत से गिरा प्लास्टर,बाल-बाल बचे बच्चे

सारण : मध्य विद्यालय नंदपुर की जर्जर छत से गिरा प्लास्टर,बाल-बाल बचे बच्चे

Edited By:  |
saran saran

सारण:मांझी प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय नंदपुर में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई,जब मध्याह्न भोजन के दौरान विद्यालय भवन की जर्जर छत के बड़े-बड़े टुकड़े गिरने लगे. उस समय छात्र-छात्राएं भोजन कर रहे थे. गनीमत रही कि समय रहते सभी बच्चे सुरक्षित स्थान पर चले गए और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.

प्राचार्य ने कराया था अवगत,विभाग ने किया नजर अंदाज

विद्यालय के प्राचार्य विजय कुमार सिंह ने बताया कि भवन की छत काफी समय से जर्जर हो चुकी है. इसकी गंभीर स्थिति से अवगत कराते हुए उन्होंने 13 जुलाई 2026 को जिला शिक्षा पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर भवन की मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की थी. लेकिन,विभागीय स्तर पर इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.

विद्यालय परिसर में दहशत का माहौल

प्राचार्य के अनुसार विद्यालय में करीब 300 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं,जिनकी सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है. घटना के बाद विद्यालय परिसर में भय और दहशत का माहौल है.

जर्जर भवन की मरम्मत कराने की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही जन सुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष विनोद मांझी ने फोन पर मांझी के विधायक रणधीर सिंह को पूरे मामले से अवगत कराया. विधायक ने तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है.वहीं, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को भी इस संबंध में आवेदन देकर शीघ्र जांच एवं जर्जर भवन की मरम्मत कराने की मांग की है.

बच्चों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करने की मांग

स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग से विद्यालय भवन की तत्काल मरम्मती कराने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है,ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके.घटना के समय विद्यालय में दर्जनों ग्रामीण एवं अभिभावक मौजूद थे.