Hindi News / सांसद जोबा मांझी ने पीड़ित परिवार को सौंपे 4.20 लाख के चेक

सरायकेला में मां और बच्चे की मौत मामला : सांसद जोबा मांझी ने पीड़ित परिवार को सौंपे 4.20 लाख के चेक

Edited By:  |
saraikela mein maa or bachey ki mout mamla saraikela mein maa or bachey ki mout mamla

सरायकेला: जिले के राजनगर सीएचसी में कुछ दिन पहले हुई मां और बच्चे की मौत का मामला राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. सांसद जोबा माझी ने हाथीसिरिंग गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की. इस दौरान सांसद जोबा माझी ने राज्य सरकार की ओर से स्वीकृत 4 लाख की अनुग्रह राशि और तत्काल सहायता के रूप में 20 हजार यानी कुल 4.20 लाख के दो चेक पीड़ित परिवार के आश्रित को सौंपे. पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिया.

मां और बच्चे की मौत मामले पर संवेदना

सरायकेला जिले के राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान मां और बच्चे (जच्चा-बच्चा )की मौत मामले में बुधवार को हाथीसिरिंग गांव में संवेदनाओं का माहौल रहा. पीड़ित परिवार से मिलने सांसद जोबा माझी, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और सिविल सर्जन डॉ.एसपी सिंह पहुंचे. जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया.

बच्चों की पढ़ाई में डीसी ने सहयोग का दिया भरोसा

उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि पीड़िता के बच्चों की पढ़ाई में हर संभव सहयोग दिया जाएगा. साथ ही, परिवार के भरण-पोषण के लिए पति को आउटसोर्सिंग के माध्यम से गांव के आस-पास रोजगार उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी. अधिकारियों ने कहा कि ऐसी घटनाएं अत्यंत पीड़ादायक है और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही की जांच गंभीरता से की जाएगी. प्रशासन ने परिवार को हर स्तर पर सहयोग का भरोसा दिलाया है.